Friday, May 17 2024

शिवहर डीएम ने कहा, कोरोना से मौत की स्थिति में अबतक मुआवजे के लिए गाइडलाइन नहीं

FIRSTLOOK BIHAR 22:15 PM बिहार

शिवहर : बिहार के शिवहर जिले के डीएम सज्जन राजशेखर ने कहा कि कोरोना से मौत की स्थिति में किसी प्रकार के मुआवजे का प्रावधान नही है और इस संबंध में अबतक सरकार द्वारा कोई गाइडलाइन भी जारी नहीं किया गया है। डीएम ने बताया कि, कोरोना से मौत की स्थिति में परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र प्रखंड मुख्यालय से ही दिए जाएंगे। इसके लिए सभी बीडीओ को निर्देश दिया गया है। बताया कि, तत्काल मृतक के परिजनों को दाह संस्कार के लिए कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये दिए जा रहे हैं। आगे सरकार द्वारा जो भी प्रावधान दिया जाएगा, संबंधित लोगों को उसका लाभ मिलेगा। डीएम ने बताया कि, लाॅकडाउन का पालन कराना और आम जनता को सरकार प्रायोजित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है। कोरोना संक्रमण काल में जिला प्रशासन की नजर हर एक चीज पर है। उन्होंने कहा कि, वर्तमान में जिले में कुल तीन लाख 45 हजार 975 मास्क की खरीदारी की गई है। मास्क की खरीदारी जीविका दीदियों से की गई है। इनमें 1.17 लाख मास्क का वितरण किया जा चुका है। डीएम ने बताया कि, जिले में 12 लाख मास्क की खरीदारी होनी है। इसके लिए जीविका दीदियां रोजाना 30 हजार मास्क का निर्माण कर रही है। डीएम ने बताया कि, शिवहर प्रखंड में एक लाख 14 हजार 175 मास्क की खरीदारी की गई है। साथ ही इसका वितरण भी किया जा चुका हैं। जबकि, तरियानी प्रखंड में 56 हजार 220, पिपराही में 74 हजार 800, डुमरी कटसरी में 55 हजार 800 व पुरनहिया प्रखंड में 45 हजार मास्क की खरीदारी की गई हैं।

Related Post