Friday, May 17 2024

बोधगया के महाबोधि मंदिर में सादगीपूर्ण माहौल में मनायी गयी भगवान बुद्ध की 2565 वीं जयंती

FIRSTLOOK BIHAR 23:02 PM बिहार

बोधगया(गया) : बिहार के गया जिले अंतर्गत भगवान बुद्ध के ज्ञान स्थली बोधगया में बुधवार को दूसरी बार शांति और सादगीपूर्ण माहौल में भगवान बुद्ध की 2565वीं जयंती मनायी गयी। कोरोना वायरस के कारण जारी लॉकडाउन का पालन करते हुए बीटीएमसी के बौद्ध भिक्षुओं ने सादगी से विशेष प्रार्थना की और भगवान बुद्ध को खीर अर्पित किया। मंदिर के गर्भगृह और पवित्र बोधिवृक्ष के नीचे विशेष प्रार्थना हुई। अचानक मौसम में हुए परिवर्तन के कारण लाइव वेब कास्टिंग नहीं हो सका। विशेष प्रार्थना के माध्यम से बौद्ध भिक्षुओं ने पूरे विश्व के लोगों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना किया। महाबोधि मंदिर के वरीय भिक्षु डॉ मनोज ने बताया की भगवान बुद्ध के पवित्र वचनों से सकारात्मक वातावरण बने, कोरोना वायरस से मुक्ति मिले, लोग निरोग्य रहें, दुनियां के सभी जीवों का कल्याण हो, इसी मंगल कामना के साथ प्रार्थना की गयी। इस पर्व पर दुनियाभर से बौद्ध धर्म के अनुनायी बोधगया आते थे और भगवान बुद्ध को नमन करते थे। लेकिन इस साल भी कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण लॉकडाउन है। इस कारण सार्वजनिक रूप से इस बार बुद्ध जयंती पर्व नहीं मनाया गया।

बौद्ध मठों में भी बौद्ध भिक्षुओं ने सादगी से जयंती मनायी। बौद्ध धर्म में बुद्ध पूर्णिमा का विशेष महत्व है। आज के ही दिन भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था, इसी दिन उन्हें बोधगया में ज्ञान की प्राप्ति हुई और आज ही के दिन उनका महापरिनिर्वाण भी हुआ था। बुद्ध पूर्णिमा पर महाबोधि (महाविहार) मंदिर की ओर से अपील की गयी कि कोरोना वायरस से खुद को बचाने के लिए हम सभी को सुरक्षित घर के अंदर रहना है। सभी सुरक्षित रहें, घर के अंदर रहें। अपने परिवार के साथ अपने घरों से सभी जीवों के कल्याण का प्रार्थना करें। भगवान बुद्ध से प्रार्थना करें कि जल्द से जल्द कोरोना वायरस महामारी भारत समेत पूरी दुनिया से समाप्त हो। साथ ही दुनिया में शांति और भाईचारे का माहौल कायम हो।

इस पूजा में महाबोधि मंदिर के मुख्य पुजारी भिक्षु चलिन्दा, भिक्षु डॉ दिनानंद, बीटीएमसी सदस्य डॉ अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

Related Post