Friday, May 17 2024

घर में सोई महिला की धारदार हथियार से हत्या, पति रहता है विदेश

FIRSTLOOK BIHAR 23:59 PM बिहार

आरा (भोजपुर ) : बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के भरौली गांव में बुधवार की देर रात घर में सोई एक महिला की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह घर के कमरे से महिला का शव बरामद किया गया। मृतका 26 वर्षीय रेणु देवी शाहपुर के भरौली गांव निवासी विनोद चौधरी की पत्नी थी। मृतक के गर्दन और पेट के भाग में जख्म का निशान पाया गया है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। पुलिस इस घटना को शुरुआती जांच में घरेलू हिंसा और अवैध संबंधों से जोड़कर जांच- पड़ताल कर रही है।

चिल्लाने की आवाज पर पहुंची सास के साथ भी की धक्का - मुक्की

बताया जाता हैं कि शाहपुर के भरौली गांव निवासी विनोद चौधरी की पत्नी रेणु देवी बुधवार की रात केवल अपनी बुजुर्ग सास के साथ घर में थी। दोनों अलग-अलग कमरे मेंं सोई थी। इस बीच हत्यारे घर में प्रवेश कर गए और कमरे में सोई रेणु देवी के ऊपर धारदार हथियार से वारकर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान जब हो-हल्ला हुआ तो सास भी जग गई। इस दौरान सास के साथ भी नोकझोंक हुई। इसके बाद कातिल फरार हो गया।

-

दूसरे दिन सुबह में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस

इधर,गुरुवार की सुबह कुछ लोगों द्वारा घटना की सूचना शाहपुर थाने की पुलिस को फोन से दी गई। जब पुलिस पहुंची तो भरौली गांव के विनोद चौधरी के घर में उसकी पत्नी का शव पड़ा हुआ था। जिसके बाद थानाध्यक्ष नित्यानंद शर्मा ने शव को बरामद किया। साथ ही शव का पंचनामा कर अंत्यपरीक्षण के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष के अनुसार मृतक महिला का पति विनोद चौधरी विदेश में रहता है। इस संबंध में पुलिस द्वारा एक युवक को हिरासत में लिया गया है।

Related Post