Friday, May 17 2024

भोजपुर में किसान की गोली मारकर हत्या

FIRSTLOOK BIHAR 22:46 PM बिहार

आरा : भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के बडीहां गांव में रविवार की देर रात एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से भाग निकले। सोमवार की सुबह शव बरामद किया गया। मृतक , 42 वर्षीय रामनाथ यादव बडीहां निवासी रामदेव यादव का पुत्र था।शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। मृतक के पेट में गोली के जख्म का निशान पाया गया है। घटना का कारण अभी पता नहीं चल सका है।

घर के बगल की गली में पड़ा हुआ था शव

बताया जाता है कि बडीहां गांव निवासी किसान रामनाथ यादव रोज की तरह रविवार की रात खाना खाकर दरवाजे के बाहर चौकी पर सोया हुआ था। इस बीच देर रात में अज्ञात अपराधी आ धमके और गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आराम से चलते बने। इस दौरान परिजनों से लेकर पड़ोसियों को भी भनक नहीं लगी। सोमवार की सुबह परिवार के सदस्यों उठने के बाद उन्हे जानकारी मिली। मृत किसान का शव घर के बगल स्थित गली में गिरा पड़ा हुआ था। पेट के भाग में गोली लगी थी। बाद मेंं इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही संदेश थानाध्यक्ष पंकज कुमार वहां पहुंच गए।

नहीं थी किसी से दुश्मनी

इधर, संदेश थानाध्यक्ष के अनुसार परिजन फिलहाल किसी से दुश्मनी की बात से इंकार कर रहे है। छानबीन चल रही है। संभावना जताई जा रही कि हमले के बाद भागने के क्रम में किसान घर के बगल स्थित गली में गिर गया होगा। रात में फायरिंग के बावजूद किसी को आवाज सुनाई नहीं देना भी जांच का विषय बन गया है।

Related Post