Tuesday, May 21 2024

विवाह समारोह में किये गये हर्ष फायरिंग में सहबाला घायल

FIRSTLOOK BIHAR 22:06 PM बिहार

कुदरा ( भभूआ) : बिहार के भभूआ जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के फकराबाद गांव में शनिवार की रात विवाह समारोह के दौरान जमकर हर्ष फायरिंग हुई। इस हर्ष फायरिंग में दूल्हे के साथ बैठे सात वर्षीय सहबाला घायल हो गया। घायल बच्चे का नाम समर कुमार उर्फ गुड्डू बताया गया है जो मोहनिया थाना क्षेत्र के पनसेरवा गांव के निवासी आलोक खरवार का पुत्र बताया जाता है। वह दूल्हे का भतीजा है। इस घटना के बाद विवाह समारोह में अफरा तफरी मच गई।

घायल बच्चा अस्पताल में भर्ती

घायल बच्चे को मोहनिया के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां उसका इलाज किया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फकराबाद गांव में शनिवार की रात बिहारी खरवार के पुत्र गुड्डू खरवार की पुत्री की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। उसकी शादी पनसेरवा गांव के राम अवध खरवार के पुत्र श्लोक खरवार से हो रही थी।

बाराती मिलन के समय फायरिंग मे लगी गोली

विवाह समारोह के दौरान रात के करीब 8:30 बजे हुई फायरिंग में दूल्हे के साथ मौजूद सहबाला बूरी तरह जख्मी हो गया। दूल्हे के साथ बारात में आए लोगों ने घटना के संबंध में बताया कि बराती और घराती पक्ष के लोगों के बीच जब मिलन हो रही थी उसी समय घराती पक्ष में शामिल एक व्यक्ति के द्वारा खड़े होकर गोली चलाई गई थी। हालांकि उस समय गोली किसी को नहीं लगी। बाद में द्वारपूजा के समय उस व्यक्ति के द्वारा बैठकर गोली चलाई गई जो बालक को लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस घटना के बाद विवाह स्थल पर कोहराम मच गया। बारात में आए लोग घायल बालक को साथ लेकर इलाज के लिए भागे।

बगैर दुल्हन की लौटी बारात, फिर मान मनौवल

अफरा-तफरी में ही बारात बगैर दुल्हन के अपने गांव वापस लौट गई। बाद में कन्या पक्ष के लोगों के मान मनौव्वल के बाद पनसेरवा गांव से वर पक्ष के लोग दूल्हे के साथ फकराबाद गांव वापस लौटे। उसके बाद विवाह का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराकर दूल्हा दुल्हन की विदाई की गई।

फायरिंग करने वाले पर प्राथमिकी दर्ज

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस स्थल पर पहुंच गई थी। हालांकि फायरिंग करने वाला फरार हो चुका था। मामले में घायल बालक के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में फायरिंग करने वाले को नामजद किया गया है जिसकी गिरफ्तारी के लिए कोशिश जारी है।

Related Post