Monday, May 20 2024

शादी की प्रथम सालगिरह मना कर लौट रहे युवक की दुर्घटना में मौत

FIRSTLOOK BIHAR 22:47 PM बिहार

पकरीबरावां(नवादा) : नवादा-जमुई पथ पर डुमरावां पेट्रोल पंप के समीप रविवार को दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक यूवक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। मृत युवक डोला गांव निवासी प्रखंड उपप्रमुख दिनेश सिंह का भतीजा हिमांशु कुमार (30 वर्ष) था। सूचना के बाद विधायक अरूणा देवी पकरीबरावां पहुंची और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाई।

आवश्यक काम से जा रहा था नवादा

बताया जाता है कि हिमांशु आवश्यक काम से नवादा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पेट्रोलपंप के समीप विपरीत दिशा की ओर से आ रहे एक बाइक सवार से टक्कर हो गई। हादसे में हिमांशु की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि, बाइक पर पीछे बैठा सहोदर भाई सुधांशु घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पकरीबरावां थानाध्यक्ष नागमणि भास्कर दल-बल के साथ घटनास्थल पर पंहुचे । मृतक व उसके जख्मी भाई को ग्रामीणों के सहयोग से पकरीबरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने औपचारिक रूप से हिमांशु के मौत की पुष्टि कर दी। घटना की बात तेजी से बाजार में फैली तो देखते ही देखते शुभचिंतकों की भीड़ अस्पताल में जमा हो गई। परिजनों के चित्कार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।

बेटे की मौत से बेहोश हुए माता पिता

मां बेबी देवी एवं पिता उमेश सिंह जवान बेटे की मौत को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे। दोनों बार-बार बेहोश हो जा रहे थे। वहां मौजूद लोग दोनों को संभलने व दिलासा दिलाने में जुटे थे। लोग दुःख की इस घड़ी में धैर्य से काम लेने की सलाह दे रहे थे। पुलिस शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दी है।

पिछले वर्ष ही हुई थी शादी, हाल ही में मनाया था पहला मैरेज डे

मृतक हिमांशु कुमार की शादी गत वर्ष लखीसराय जिले के शहजादपुर गांव में हुई थी। विवाह के 1 वर्ष पूरे होने पर सालगिरह मनाकर लौटा था। पत्नी कोमल कुमारी के गर्भ में छह माह का बच्चा भी पल रहा है। मृतक की मां बार - बार यह कहकर बेहोश होती नजर आ रही थी की पेट में पल रहे बच्चे का क्या कसूर था? आखिर भगवान ने उस अजन्मे बच्चे को किस गलती की सजा दी है।

हाल ही में बाजार में खोला था बीज की दुकान

मृतक हिमांशु बीपीएल धान कंपनी में काम करता था। लॉक डाउन के कारण वह घर पर ही रहकर अपना व्यापार करना शुरू किया था। पांच दिन पूर्व वह राइस मोड़ पर बीज की दुकान का शुभारंभ किया था। अभी दुकान को सजाने-संवारने में लगा हुआ था। इसी बीच दुर्घटना का शिकार हो गया। कमाऊ पुत्र के असमय चले जाने से परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

विधायक अरूणा देवी पहुंची पकरीबरावां

घटना की जानकारी के बाद वारिसलीगंज विधायक अरुणा देवी अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंची। पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाई। विधायक ने ढांढस बंधाते हुए दुःख की घड़ी में हिम्मत से काम लेने को कहा। मौके पर विधायक प्रतिनिधि रामसकल सिंह, प्रखंड भाजपाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, बंदन सिंह, पिंकू सिंह,प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मनोज साव, नीरज कुमार उर्फ मुखिया जी, सुनील सिंह, पंकज सिंह सहित सैकड़ों लीग मौजूद थे।

Related Post