Friday, May 17 2024

मधुबनी जिला का एक ऐसा गांव जहां बारिश के पानी से बाढ़ का दृश्य, घर - घर में घूसा है पानी

FIRSTLOOK BIHAR 21:17 PM बिहार

जलनिकासी का प्रबंध नहीं होने से सड़़क पर उतर आंदोलन के मूड में ग्रामीण

बेनीपट्टी (मधुबनी) : बिहार के मधुबनी जिला के बेनीपट्टी प्रखंड के बसैठ गांव में बारिश ने भयावह तबाही मचा रखी है। नदी का पानी अब तक गांव में प्रवेश नहीं कर सका है, लेकिन गांव के लोग पिछले एक सप्ताह से बाढ़ का सामना कर रहे हैं। रुक-रुक कर हो रही झमाझम बारिश से गांव की स्थिति सुधरने की जगह बिगड़ती ही जा रही है। पूरा गांव जलमग्न हो चुका है। जलनिकासी की व्यवस्था अब तक नहीं होने से ग्रामीण काफी आक्रोशित हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि एक सप्ताह से पूरा गांव नारकीय स्थिति झेल रहा है, लेकिन स्थानीय प्रशासन या जनप्रतिनिधियों ने अब तक उनकी सुधि लेना भी मुनासिब नहीं समझा। सबसे अधिक समस्या बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों को लेकर हो रही है। मवेशियों को रखना मुश्किल हो गया है। उनके लिए चारा नहीं है। कई परिवार के लोग घर छोड़ सार्वजनिक स्थलों पर शरण लिए हुए हैं। कई परिवार दूसरों के घरों में रहने को मजबूर हैं।

गांव के 500 से अधिक घरों घूसा है बारिश का पानी

बारिश के पानी ने एक सप्ताह से बसैठ गांव में तबाही मचा रखा है। गांव के करीब पांच सौ से अधिक घरों में बारिश का पानी जमा हुआ है। गांव की सड़कें पानी में डूबी हुई हैं। पीड़ित लोग प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को भला-बुरा कह कर अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं। बारिश ने लोगों की पीड़ा बढ़ा दी है, लेकिन निदान की दिशा में सार्थक पहल नहीं होने से लोगों में काफी गुस्सा उबल रहा है।

झील बने गांव के टोले-मोहल्ले

गांव के टोला-मोहल्ले व सड़कें झील बनी हुई है। जलनिकासी के लिए पदाधिकारियों व अधिकारियों से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन समस्या का निदान नहीं हो रहा। लोगों के घर-आंगन में पानी ही पानी है। एक सप्ताह से गांव में जलजमाव रहने से महामारी की आशंका से लोग भयभीत हैं। गांव के चारों ओर बनी सड़कों में जलनिकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने से बसैठ गांव के लोगों सालों से बारिश के दिनों में यह समस्या झेलनी पर रही है। अब लोगों का सब्र जवाब देने लगा है।

सड़क पर उतर आंदोलन के मूड में

आक्रोशित ग्रामीण अब सड़क पर उतर आंदोलन का शंखनाद करने के मूड में हैं। पीड़ित लोगों का कहना है कि वोट के समय नेता आते हैं, लेकिन जब मुसीबत आती है तो उनके दर्शन दुर्लभ हो जाते हैं। इधर, बेनीपट्‌टी बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि गांव का मुआयना किया जा रहा है। जलनिकासी के लिए आवश्यक उपाय किए जाऐंगे। सीओ व पुलिस के साथ स्थल निरीक्षण किया जा रहा है। स्थिति जल्द नियंत्रण में होगी।

Related Post