Friday, May 17 2024

दसवीं कक्षा के छात्र की भागलपुर में गोली मारकर हत्या

FIRSTLOOK BIHAR 21:25 PM बिहार

बांका का रहने वाला था छात्र

भागलपुर : बिहार के भागलपुर जिला के तातारपुर थाना क्षेत्र के रिकाबगंज में रहने वाले दसवीं कक्षा के छात्र कुंदन कुमार की हत्या बुधवार की देर रात गोली मारकर बदमाशों ने कर दी। हत्या कर उसके शव को विश्वविद्यालय सहायक थाना क्षेत्र स्थित जगलाल उच्च विद्यालय परिसर से सटे बड़े नाले में फेंक दिया गया। गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखने के बाद इसकी जानकारी तातारपुर पुलिस को दी।

कुंदन की हत्या की जानकारी पर मचा कोहराम

कुंदन के परिजनों को हत्या कर दिए जाने की जानकारी मिली तो कोहराम मच गया। सभी शव से लिपट कर रोने लगे। पुलिस के जवानों ने उन्हें किसी तरह समझा-बुझा कर वहां से हटाया। शव मिलने की जानकारी पर इंस्पेक्टर एसके सुधांशु और विश्वविद्यालय थाने की पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुंदन बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र स्थित सलेमपुर निवासी आटो चालक सोनू मंडल का पुत्र था। काफी समय से रिकाबगंज में भोला पासवान के घर किराए का कमरा लेकर सारा परिवार यही रहता था।

आंख में नजदीक से मारी गोली

पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा रही है। हत्यारों ने कुंदन की आंख में नजदीक से गोली मारी थी जिससे उसकी मौत मौके पर हो गई थी। पिता ने पुलिस को जानकारी दी है कि कुंदन बुधवार की शाम छह बजे ही घर से निकला था। देर रात तक नहीं लौटा तो सबने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। काफी खोजबीन बाद भी उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह उसका शव नाले से बरामद हुआ। पिता का कहना है कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा रही है। पुलिस की तकनीकी सेल घटनास्थल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। कंपनीबाग इलाके के एक बदमाश से पुलिस घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। उधर स्थानीय लोग दबी जुबान से किसी युवती से अवैध संबंध को घटना का कारण बता चर्चा करते मिले। दो दिन पूर्व कुंदन को किसी ने धमकी भी दी थी कि वह अपनी हरकत छोड़ दे। कुछ युवकों ने नशीली पुड़िया की खरीद-बिक्री को लेकर भी हुए झगड़े की बात सामने आ रही है। हत्याकांड को लेकर पिता के फर्द बयान दर्ज करने की कवायद में पुलिस जुट गई है।

Related Post