हरनौत (नालन्दा)। गुरुवार की रात करीब दो बजे हरनौत में बाइक शो-रूम के प्रोपराइटर मुकेश कुमार के घर भीषण डकैती हो गई। आधा दर्जन डकैत पड़ोसी के छत के उपर से होकर इनके घर में उतर गए। सभी ने चेहरे ढक रखे थे। कट्टे के बल पर घर के सदस्यों को कब्जे में ले लेकर घर में रखे 1.75 लाख रुपये एवं सोने की चेन, एक जोड़ी सोने की कनबाली, सोने का लॉकेट एवं एक जोड़ी पायल समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपए मूल्य के जेवरात ले कर दरवाजे से निकल लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने मुकेश कुमार की रॉड से पिटाई कर दी, जिससे वे जख्मी हो गए। उनका उपचार स्थानीय अस्पताल में कराया गया।
डीएसपी ने की मामले की जांच
डीएसपी शिब्ली नोमानी ने शुक्रवार को घटनास्थल पर आकर मामले की पड़ताल की। उन्होंने कांड के उद्भेदन करने का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया। नूरसराय अंचल पुलिस निरीक्षक ने भी मौके पर पहुंचे।
थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही डकैतों के गिरोह का पता लगा लिया जाएगा।
नए थानाध्यक्ष के कुर्सी संभालते छिनतई व डकैती
नए थानाध्यक्ष देवानन्द शर्मा ने गुरुवार को कार्य-दायित्व संभाला और दो आपराधिक घटनाएं हो गई। गुरुवार को पोरई के तीन-चार बदमाशों ने किराना दुकानों में खाने-पीने की सामग्री आपूर्ति करने वाले शंभु कुमार की बाजार में ही पिटाई कर 15 हजार नकद छीन लिए। इसके बाद रात में बाइक शोरूम के संचालक के घर डाका डाल बड़ी चुनौती दे दी।