Friday, May 17 2024

पोखर में मिला 22 वर्षीया मां व बेटे का शव, ससुराल वालों पर लगा हत्या का आरोप

FIRSTLOOK BIHAR 23:19 PM बिहार

मृतका के भाई ने कहा - हत्या कर पोखर में फेंका, ताकि डूबने से मौत साबित कर 8 लाख रुपए मुआवजा वसूल सके

सरमेरा (नालंदा) : सरमेरा थाना क्षेत्र के मलावां गांव के एक पोखर से सोमवार की सुबह पुलिस ने एक महिला एवं बच्चे का शव बरामद किया। कुछ देर बाद शव की पहचान मलावां गांव निवासी पप्पू यादव की 22 वर्षीया पत्नी कविता कुमारी तथा उनके दो वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के तौर पर हुई। कविता के भाई मनोज यादव ने आरोप लगाया कि उसकी बहन एवं भांजे की हत्या घर में कर दी गई और शव को पोखर में फेंक दिया ताकि पोखर में डूबने से मौत बता दोनों के नाम पर 8 लाख रुपए सरकारी मुआवजा वसूल किया जा सके।

शादी के बाद से ही दहेज के लिये किया जा रहा था प्रताड़ित

वेना थाना क्षेत्र (चंडी प्रखण्ड) के अरौत गांव निवासी मनोज यादव ने थाना पुलिस को बताया कि कविता कुमारी की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। बताया कि तब से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले प्रताड़ित करते आ रहे थे। मनोज ने बताया कि कई बार कविता से मारपीट किए जाने की भी खबर मिली थी। उन्होंने कहा कि शव मिलने की खबर सुन हमलोग सर मेरा के मलावां गए, तब कई दिन पहले ही हत्या किए जाने की बात मालूम हुई।

शव मिलते ही ससुराल वाले फरार

इधर, शव मिलने के बाद आरोपित पप्पू यादव एवं उनके परिजन घर में ताला लगाकर भाग निकले हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के भाई दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मामला दर्ज कर जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।

इकलौता था आदित्य

सोमवार सुबह कविता एवं उसके इकलौते बेटे का शव मिलने की खबर मिलते ही अरौत के बाशिंदे सन्न रह गए। कविता के भाई-भतीजे मलावां गांव पहुंच गए। बताया गया कि आदित्य कुमार कविता कुमारी का इकलौता संतान था। ससुराल में प्रताड़ना के कारण वह अक्सर मायके चली आती थी। अरौत निवासी रजनीश यादव ने बताया कि कविता ने पुत्र को जन्म दिया था तो लगा था कि अब उसकी घर-गृहस्थी सम्भल जाएगी। लेकिन हत्या की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया।

Related Post