Friday, May 17 2024

खेत से लेकर घर के गलियारे तक बिछी थीं लाशें

FIRSTLOOK BIHAR 23:37 PM बिहार

मृतकों में पिता व दो पुत्र भी शामिल, एक पक्ष ने बुला रखे थे भाड़े के बदमाश, करीब सौ राउंड चली गोलियां

बिहारशरीफ : लोदीपुर गांव में 50 बीघे जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो फरीक ( गोतिया ) में दो दशक से चली आ रही विवाद आज खूनी संघर्ष में बदल गया। एक साथ छह लोगों की लाशें बिछने के रूप में सामने आई। गुड्डू यादव, महेंद्र यादव, नीतीश व इंदु यादव के पक्ष के लोग भाड़े के बदमाशों को बुलाकर विवादित जमीन की जोताई करने गए थे। जयदेव यादव के पक्ष के लोग जब उन्हें रोकने गए तो उन लोगों पर गोलियां बरसाई गई। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गयी। यदु यादव, पिंटू यादव, महेश यादव, धीरेन्द्र यादव एवं शिवेंद्र यादव मारे गए। महेश व धीरेंद्र यादव यदु यादव के पुत्र थे। इस तरह पिता व दो पुत्रों की हत्या हो गई। गांव में करीब सौ चक्र गोलियां चलने की बात बताई जा रही है। हमलावरों की संख्या बीस से पचीस थी।

दो बार पुलिस ने की थी पंचायती

दोनों पक्ष में विवाद रोकने के लिए दो बार थाने की पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए पंचायती की कोशिश भी की थी। थाना पुलिस ने तीन महीने पहले दोनों पक्ष को जमीन जोतने से मना किया था। मामला कोर्ट में भी चल रहा था। परंतु कभी जमीन विवाद का सर्वमान्य हल निकालने की गम्भीर कोशिश पुलिस ने नहीं की । वजह साफ थी, दो पक्ष उलझे रहेंगे तो दुधारू गाय की तरह दोनों का दोहन होता रहेगा। अंततः बुधवार को वह हो गया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। एक पक्ष हरवे हथियार से लैस होकर तैयारी से आया था। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर किसकी शह थी कि अचानक एक गुट जमीन जोतने पहुंच गया। इसकी जांच हो तो कई ऐसे चेहरे सामने आएंगे, जिनका इरादा जमीन विवाद सुलझाने का कतई नहीं था।

दौड़ा - दौड़कर मारी गयी गोलियां

घटना की हालात बयां कर रही है कि एक गुट के लोगों ने जान बचाने की भरपूर कोशिश की थी। परंतु उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर गोलियां मारी गई। किसी का शव खेत की मेड़ पर पड़ा था, तो कोई घर के गलियारे में ढेर था। पूरे गांव में अजीब सा सन्नाटा था। हर निगाह एक दूसरे को संदेह की नजर से घूर रही थी। गांव पुलिस छावनी में तब्दील था। डीएसपी सोमनाथ के नेतृत्व में हुई छापेमारी में एक घर में छुपे बैठे दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। लेकिन मुख्य आरोपी मौके से भाग निकला। दर्जन भर हथियारों का इस्तेमाल होना और एक भी अवैध हथियार जब्त न होना हैरत में डालने वाली बात है।

Related Post