Tuesday, May 21 2024

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर परेड में प्रदर्शन को लेकर शुरू हुआ पूर्वाभ्यास

FIRSTLOOK BIHAR 22:36 PM बिहार

जमुई : स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर परेड के प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम के मैदान पर पूर्वाभ्यास शुरू कर दिया गया है।

पुलिस लाइन डीएसपी आशीष कुमार सिंह की देखरेख में एसएसबी , बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस - 11 , जिला पुलिस बल , जिला पुलिस बल महिला और गृह रक्षा वाहिनी के जवानों ने परेड पूर्वाभ्यास में हिस्सा लिया और अपने जज्बे का उत्साह और उमंग के साथ प्रदर्शन किया।

पुलिस अधिकारी हरेराम कुमार ने मुख्य कमांडर की भूमिका निभाई

परेड के पूर्वाभ्यास में पुलिस अधिकारी हरेराम कुमार ने मुख्य कमांडर की भूमिका निभाई और जवानों का ज्ञानवर्धन के साथ उनका क्षमतावर्धन किया।

पुलिस लाइन डीएसपी श्री सिंह ने मौके पर परेड में शामिल जवानों को कदमताल , तेज चल , बगल शस्त्र , जेनरल सैल्यूट , पीछे मुड़ , आगे देख आदि की विस्तार से जानकारी दी और उन्हें अनुशासन का अहम पाठ पढ़ाया।

परेड पूर्वाभ्यास में शामिल पुलिस के जवानों ने कदमताल और पंजे से रायफल के बट पर थपकी लगाकर जहां जमुई की धरा और गगन को झंकृत कर दिया वहीं आजादी दिवस निकट होने का भी निवासितों को अहसास कराया। प्लाटून कमांडर के रूप में वीरेंद्र सिंह , विधान चंद्र चौधरी , उमेश कुमार सिंह , पूनम और विकास कुमार सिंह ने बेहतर प्रदर्शन किया तथा आजादी के जश्न को यादगार बनाने का संकल्प लिया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन समिति के सदस्य डॉ. निरंजन कुमार ने परेड पूर्वाभ्यास में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज की और इसे सफल बनाने में अपनी क्षमता के अनुरूप यथोचित सहयोग दिया।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर परेड पूर्वाभ्यास अगामी 12 अगस्त तक जारी रहेगा। फूल ड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को किए जाएंगे , जिसमें जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह , पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मंडल समेत कई पदाधिकारी हिस्सा लेंगे और परेड का अवलोकन कर वांछित हिदायत देंगे।

इधर चिलचिलाती धूप के साथ भीषण उमस के बावजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने परेड पूर्वाभ्यास में पूरे जज्बे के साथ हिस्सा लिया और इससे सम्बंधित कई गम्भीर जानकारी हासिल की।

गौरतलब है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह कोरोना गाइडलाइंस के मुताबिक आयोजित किया जाना है। सरकार के गाइडलाइंस के अनुसार आजादी के जश्न में आमंत्रित लोग ही हिस्सा लेंगे। स्वतंत्रता सेनानी , बच्चे , वरिष्ठ नागरिकों के साथ आमजनों को इस बार इस राष्ट्रीय पर्व का गवाह बनने का अवसर नहीं मिलेगा। सम्पूर्ण समारोह में सामाजिक दूरी का अनुपालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा तथा स्वच्छता पर भी खास नजर रखी जाएगी।

Related Post