Tuesday, May 21 2024

कोरोना से लडऩे को भाजपा हर बूथ पर तैयार करेगी दो स्वास्थ्य स्वयंसेवक

FIRSTLOOK BIHAR 00:24 AM खास खबर

डा. संजय जायसवाल ने किया प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

पटना : भाजपा के राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान के तहत शनिवार को प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न हुआ। पार्टी के मास्टर प्रशिक्षकों ने प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में दो सौ प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। अब यह प्रशिक्षक प्रमंडलीय और जिला स्तर पर प्रशिक्षण देंगे। भाजपा ने प्रत्येक बूथ पर दो स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैयार करने का लक्ष्य तय किया है। इसमें अनिवार्य रूप से एक पुरुष और एक महिला को पार्टी प्रशिक्षित करेगी।

सेवा ही संगठन है

प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने राष्ट्रीय स्वास्थ स्वयंसेवक अभियान को जमीन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्पष्ट मानना है कि सेवा ही संगठन है। इस अवधारणा के साथ वैश्विक महामारी कोरोना की संभावित तीसरी लहर के दौरान हमें समाज की सेवा करनी है। बूथ स्तर तक के स्वास्थ्य स्वयंसेवक जागरूकता अभियान भी चलाएंगे और समाज की सेवा भी करेंगे। उद्घाटन के अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ, सह संगठन महामंत्री शिव नारायण महतो और प्रदेश उपाध्यक्ष अजय निषाद उपस्थित थे।

सभी जिले का जिलाध्यक्ष सहित पांच- पांच स्वयंसेवकों ने लिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रत्येक जिले के जिलाध्यक्ष सहित पांच स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण लिया। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीतीश मिश्रा ने अभियान के संबंध में जानकारी दी। प्रशिक्षण में कुल पांच विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। स्वास्थ स्वयंसेवक संकल्पना एवं भूमिका विषय पर प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा ने प्रशिक्षण दिया। कोरोना सामान्य जानकारी एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने संबंधित महत्वपूर्ण बातों पर चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डा. मनोज कुमार, कोविड अनुकूल व्यवहार पर प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय पांडेय, योगा एवं आसन पर योग शिक्षक अजीत कुमार, आइटी एवं सोशल मीडिया पर प्रदेश के सह संयोजक अनमोल शोभित ने प्रशिक्षण दिया। धन्यवाद ज्ञापन एवं संगठनात्मक रचना व आगामी कार्य विषय पर विधान पार्षद निवेदिता सिंह ने बातें रखी।

Related Post