Friday, May 17 2024

नहीं रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता सदानंद सिंह

FIRSTLOOK BIHAR 17:30 PM बिहार

सरकार की ओर से मंत्री अशोक चौधरी ने शव पर पुष्प चक्र रख दी श्रद्धांजलि

पटना : सरकार की ओर से बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सदानंद सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि सदानंद सिंह बिहार में कांग्रेस के बड़े जमीनी नेता थे, उनका मार्गदर्शन मुझे सदैव प्राप्त होता रहा । इनके निधन से मर्माहत हूँ और ये मेरी व्यक्तिगत क्षति है।

अशोक चौधरी ने बिहार विधान सभा परिसर में स्व सदानंद सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अशोक चौधरी ने कहा कि सदानंद सिंह बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा बिहार विधानसभा के अध्यक्ष सहित बिहार सरकार में मंत्री भी रहे और लम्बे समय तक बिहार प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता के पद पर बने रहे। उनको, राजनैतिक व सामाजिक जीवन का लम्बा अनुभव रहा। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ।

नौ बार विधानसभा चुनाव जीते

सदानंद सिंह भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा से नौ बार विधायक रहे। वे पिछले दो माह से बीमार थे। पटना के अस्पताल में भर्ती थे।

मदन मोहन झा ने बताया पिता तुल्य थे

बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने सदानंद सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें पिता तुल्य बताया। उन्होंने लिखा कि बिहार के सर्वमान्य नेता, कांग्रेस के योद्धा, मेरे पिता तुल्य सदानंद सिंह का आज स्वर्गवास हो गया । एक राजनीतिक युग का अवसान हुआ है ।ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। एवं उनके परिवार को इस असहनीय दुःखद घड़ी को सहने की शक्ति दे।

तेजस्वी यादव और जीतन राम मांझी ने किया ट्वीट 

कांग्रेस नेता सदानंद सिंह के निधन पर तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा कि बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सदानंद सिंह के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका लंबा सामाजिक-राजनीतिक अनुभव रहा। वो एक कुशल राजनेता थे। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री  जीतन राम मांझी ने सदानंद सिंह को अपना पुराना साथी बताया। मांझी ने लिखा कि  आज मेरे पुराने साथी ने मेरा साथ छोड़ दिया। सदानंद बाबू हमें छोडकर चले गए। ईश्वर उनके आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Related Post