Friday, May 17 2024

रनिंदर सिंह चौथी बार बने भारतीय राष्ट्रीय रायफल संघ के अध्यक्ष, पूर्व सांसद पुतुल कुमारी संघ की बनी उपाध्यक्ष

FIRSTLOOK BIHAR 00:24 AM बिहार

कुमार त्रिपुरारी को मानद सचिव नामित किया गया

पटना : पंजाब के मोहाली में भारतीय राष्ट्रीय रायफल संघ की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार - विमर्श के बाद संघ के पदाधिकारियों का अगले कार्यकाल के लिए चुनाव कराया गया।

निर्वाचन के बाद रनिंदर सिंह एक बार फिर से भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के अध्यक्ष चुने गए। 54 वर्षीय श्री सिंह चौथी बार इस पद पर काबिज हुए हैं। उन्होंने अध्यक्ष पद के चुनाव में बीएसपी के सांसद श्याम सिंह यादव को 56 - 03 से हराया। वे अब 2021 से 2025 तक चार साल के लिए इस पद पर काबिज रहेंगे। 

वहीं महासचिव पद के लिए हुए चुनाव में कंवर सुल्तान सिंह ने डी.वी. सीताराम राव को हराया और सम्बंधित पद पर काबिज हुए। कोषाध्यक्ष के पद पर रणदीप मान को निर्वाचित घोषित किया गया।

उधर बांका की पूर्व सांसद सह स्मृतिशेष केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की धर्मपत्नी एवं जमुई जिला अंतर्गत गिद्धौर निवासी पुतुल कुमारी को जहां भारतीय राष्ट्रीय रायफल संघ का उपाध्यक्ष बनाया गया है वहीं कुमार त्रिपुरारी को संघ का मानद सचिव नामित किया गया है।

ज्ञात हो कि पुतुल कुमारी बिहार राज्य रायफल संघ की महासचिव हैं जबकि कुमार त्रिपुरारी इस संघ के सचिव पद पर काबिज हैं।

उल्लेखनीय है कि भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ को अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल संघ से मान्यता प्राप्त है। इसके अलावा इस संघ को एशियाई निशानेबाजी महासंघ, राष्ट्रमंडल निशानेबाजी संघ, दक्षिण एशियाई निशानेबाजी संघ और भारतीय ओलंपिक संघ से भी मान्यता मिली हुई है। 

राष्ट्रीय राइफल संघ के अंतर्गत 53 राज्य संघ आते हैं

गौरतलब है कि राष्ट्रीय राइफल संघ के अंतर्गत 53 राज्य संघ आते हैं। इसके अंतर्गत राष्ट्रीय, राज्य, जिला और क्लब स्तर पर नियमित तौर पर टूर्नामेंट होते रहते हैं। 

इधर जमुई की विधायक एवं पुतुल कुमारी की सुपुत्री श्रेयसी सिंह ने अपनी माता पुतुल कुमारी को भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ का उपाध्यक्ष और चाचा कुमार त्रिपुरारी को मानद सचिव बनाए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे जमुई के साथ बिहार की धरती गौरवान्वित हुई है।

Related Post