Friday, May 17 2024

होटल का गेट गिरा, दबकर नाइट गार्ड की मौत

FIRSTLOOK BIHAR 23:51 PM बिहार

पटना : राजीव नगर स्थित महादेवा होटल के मुख्य द्वार पर लगा लोहे का गेट शुक्रवार तड़के गिर गया। इससे दबकर नाइट गार्ड मुकेश कुमार उपाध्याय की मौत हो गई। नाइट गार्ड करीब ढाई वर्ष से होटल में काम कर रहे थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। होटल प्रबंधन ने कई घंटे देर से घटना की सूचना पुलिस को दी। पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। पाटलिपुत्र थाना प्रभारी एसके शाही ने बताया कि फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

राजीव नगर, अजंता कालोनी में चार मंजिला पर महादेवा होटल स्थित है। इसके मुख्य द्वार पर लोहे का बड़ा घिसकाने (स्लाइड) वाला गेट लगा है। बताया जाता है कि नाइट गार्ड मुकेश कुमार उपाध्याय (40) शुक्रवार तड़के किसी काम से स्कूटी से कहीं गए हुए थे। चार बजे जैसे ही उन्होंने स्कूटी को होटल के अंदर करने के लिए मुख्य गेट को खोला। 12 फुट चौड़ा और 10 फुट ऊंचा करीब 150 किलो वजन का गेट कब्जे से निकल कर बाहर की और गिर गया। मुकेश कुमार उसकी चपेट में आ गया। तड़के होटल में सभी कर्मी सो रहे थे। लिहाजा किसी ने उनकी चीखने की आवाज नहीं सुनी। सुबह करीब सवा छह बजे एक कर्मी ने नाइट गार्ड को गेट से दबा देख इसकी सूचना होटल के मैनेजर को दी। तब तक मुकेश कुमार की मौत हो चुकी थी। घटना से घबराए होटल प्रबंधन काफी देर तक चुप्पी साधे रखा। सुबह 7.30 बजे घटना की सूचना पाटलिपुत्र थाना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

सारण जिले का रहने वाला था मुकेश

मुकेश कुमार उपाध्याय मूल रूप से सारण के सोनपुर थाना स्थित गंगाजल टोला गांव के रहने वाले थे। उनके माता-पिता, एक छोटा भाई और दो बेटे हैं। सभी गांव पर रहते हैं। मुकेश का पत्नी से संबंध विच्छेद हो चुका है। चाचा ललन उपाध्याय ने बताया कि मुकेश काफी खुशमिजाज और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। 20 वर्ष तक दिल्ली में निजी कंपनी में नौकरी करने के बाद तीन वर्ष पहले वे पटना आए थे। उनकी आकस्मिक मौत से परिजन हतप्रभ और सदमें में हैं।

Related Post