Tuesday, May 21 2024

91वीं जयंती पर याद किये गये पूर्व विधानसभाध्यक्ष त्रिपुरारी प्रसाद सिंह

FIRSTLOOK BIHAR 20:16 PM बिहार

जमुई : जमुई जिलावासियों ने दिवंगत विधानसभा अध्यक्ष त्रिपुरारी प्रसाद सिंह को उनकी 91 वीं जयंती पर याद किया। स्व सिंह की जयंती राजकीय समारोह के रूप में कचहरी रोड स्थित स्मारक स्थल और किउल नदी के तट पर अवस्थित समाधिस्थल पर शालीनता के साथ मनाई गई।

बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री और जिला के प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी ने उनकी मूर्ति और समाधिस्थल पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इस अवसर पर स्व. सिंह को नमन करते हुए कहा कि उनके जीवन और समर्पण से सीख लेने की जरूरत है। श्री चौधरी ने विकसित राज्य और मजबूत राष्ट्र के लिए उनकी निष्ठा और कर्तव्यों की जमकर तारीफ की। उन्होंने राज्य हित में उनके द्वारा किए गए कामों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की

समाजवादी विचार धारा के थे स्व त्रिपुरारी सिंह

बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री सुमित कुमार सिंह ने दिवंगत त्रिपुरारी बाबू को दिग्गज समाजवादी नेता की संज्ञा देते हुए कहा कि वे अपनी उपमा आप हैं। उन्होंने उनकी उपलब्धियों की चर्चा कर उन्हें स्नेहिल श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधायक दामोदर रावत , श्रेयसी सिंह, विधान पार्षद संजय सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष ई. शंभू शरण, पूर्व विधान पार्षद एवं दिवंगत श्री सिंह की धर्मपत्नी इंदु सिंह, पूर्व मंत्री अर्जुन मंडल, पूर्व मंत्री नीरज कुमार, जदयू नेता एवं स्व. सिंह के सुपुत्र शांतनु सिंह, ब्रजेश बरनवाल आदि ने भी स्मृतिशेष श्री सिंह की मूर्ति और समाधिस्थल पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

उधर जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. त्रिपुरारी प्रसाद सिंह के विचारों को आज भी प्रसांगिक बताते हुए कहा कि उनके बताए मार्गों पर चलकर ही हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकेंगे। श्री सिंह ने भी उनकी मूर्ति पर और समाधिस्थल पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इधर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मंडल ने भी दिवंगत स्व सिंह की मूर्ति और समाधिस्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और भाव - भीनी श्रद्धांजलि दी।

उप विकास आयुक्त आरिफ अहसन, एसडीओ अभय कुमार तिवारी, एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी जयंती समारोह में उपस्थित थे।

सभी अतिथि मूर्ति तथा समाधिस्थल पर कार्यक्रम में शिरकत होने के बाद बाबू टोला, महिसौड़ी स्थित स्व. त्रिपुरारी बाबू के स्थायी आवास पर पहुंचे और वहां आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया। यहां स्व. सिंह की धर्मपत्नी और पूर्व विधान पार्षद इंदु सिंह और उनके पुत्र एवं जदयू नेता शांतनु सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत किया।

जमुई से चार बार जीते थे विधानसभा चुनाव

उल्लेखनीय है कि दिवंगत त्रिपुरारी बाबू जमुई विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक चुने गए। वे दो बार विधान परिषद के सदस्य भी रहे। उन्होंने बिहार सरकार के मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के पद को भी सुशोभित किया। स्व. सिंह जमुई समेत बिहार के लिए आज भी अनुकरणीय हैं।

Related Post