Friday, May 17 2024

भाजपा के नई राष्ट्रीय कार्यसमिति में बिहार के चुनिंदा नेताओं को मिली जगह

FIRSTLOOK BIHAR 20:41 PM राजनीतिक

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यसमिति का एलान कर दिया है। भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यसमिति में बिहार के चुनिंदा नेताओं को जगह मिली है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सांसद रविशंकर प्रसाद और विधायक भागीरथी देवी को राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल किया गया है, जबकि बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय, सांसद गोपाल जी ठाकुर, पूर्व मंत्री प्रेम कुमार और नंदकिशोर यादव राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर नामित किए गए हैं।

 

नई कार्यसमिति में प्रधानमंत्री मोदी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी सहित 80 लोग शामिल

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति के लिए विशेष आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित (पदेन) सदस्यों की नियुक्त की है। भाजपा की इस नई राष्ट्रीय कार्यसमिति में 80 सदस्य हैं, जिनमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, डॉ० मुरली मनोहर जोशी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, राज्य सभा में सदन के नेता सह केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हैं।

राष्ट्रीय कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य (पदेन) होंगे जिसमें मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, विभिन्न विधान सभा और विधान परिषद में विधायक दल के नेता, पूर्व उप-मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी / सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और संगठक शामिल हैं।

नई कार्यसमिति में बीजेपी के बिहार से सांसद राधामोहन सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए हैं।

Related Post