Tuesday, May 21 2024

राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार समारोह, विशिष्ट सेवा के लिए नागरिकों को किया गया सम्मानित

FIRSTLOOK BIHAR 18:41 PM खास खबर

नई दिल्ली : राष्ट्रपति भवन में सोमवार को पद्म सम्मान वितरण समारोह का आयोजन हुआ। इसमें पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली, पूर्व रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांडिस को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने ग्रहण किया।

सुषमा स्वराज और अरुण जेटली को मिला पद्म विभूषण

राष्ट्रपति ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया। यह सम्मान उनकी पुत्री ने ग्रहण किया। इसके अलावा पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को भी मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने सम्मान जॉर्ज फर्नांडिस की पत्नी लैला जॉर्ज को प्रदान किया। राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक दरबार हाल में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये 141 लोगों को साल 2020 के लिए सम्मानित किया।

छन्नूलाल मिश्र को भी मिला पद्म विभूषण पुरस्कार

राष्ट्रपति कोविंद ने गायन के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिये छन्नूलाल मिश्र को पद्म विभूषण से सम्मानित किया। इस वर्ष सात हस्तियों को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा 16 हस्तियों को पद्म भूषण और 118 हस्तियों को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया।

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान हैं

राष्ट्रपति मंगलवार को 2021 के लिए 119 लोगों को पद्म सम्मान से सम्मानित करेंगे। पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान हैं। यह सम्मान तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं- पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री। विभिन्न क्षेत्र अर्थात- कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा आदि में श्रेष्ठ कार्य के लिये प्रदान किए जाते हैं।

असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए ‘पद्म विभूषण’ सम्मान और उच्च श्रेणी की विशिष्ट सेवा के लिए ‘पद्म भूषण’ सम्मान दिया जाता है।

Related Post