Tuesday, May 21 2024

आरा में इंटर के छात्र को गोली मारकर कर दी हत्या

FIRSTLOOK BIHAR 22:52 PM बिहार

आरा : भोजपुर के बिहिया थाना के बहोरनपुर ओपी क्षेत्र इलाके में बुधवार की देर रात एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई।गुरुवार की सुबह उमरावगंज -राजपुर तीनमुहान के समीप से शव बरामद किया गया। मृतक 19 वर्ष का विकास कुमार ठाकुर बहोरनपुर के गौरा गांव निवासी कमलेश ठाकुर का पुत्र था। इंटर में पढ़ता था। मृतक के पेट के पास गोली के जख्म का निशान पाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। वैसे, पुलिस उसके दोस्तों को तलाश कर रही है।

आरा में किराये के मकान में रहकर पढ़ता था

बहोरनपुर ओपी के गौरा गांव निवासी विकास कुमार ठाकुर आरा के जगदेवनगर मुहल्ला इलाके में किराए पर रूम लेकर पढ़ता था। इस बीच अचानक रात में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार शुरूआती जांच में प्रतीत हो रहा कि पहले मुंह व नाक दबाकर हत्या की गई है।इसके बाद पेट में गोली मारी गई है। घटनास्थल पर अधिक खून भी नहीं मिला है। इसलिए संभावना जताई जा रही कि किसी गुप्त जगह पर हत्या कर शव को फेंका गया है। -

परिजनों को फोन पर मिली सूचना

इधर, गुरुवार की सुबह करीब तीन बजे परिजनों को सूचना मिली कि विकास का शव उमरावगंज-राजपुर सड़क के तीनमुहान के पास फेंका हुआ है। जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार सुबह तीन बजे ही एक लड़के ने फोन कर घटना की सूचना दी थी। जिसके बाद उन्हें जानकारी हुई। पहले आरा के जगदेवनगर मुहल्ला में रहता था। छह दिनों पहले रूम भी बदला था। थानाध्यक्ष सत्येन्द्र सत्यार्थी ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। दोस्तों की तलाश की जा रही है।जिससे की कांड का खुलासा हो सके।

Related Post