Friday, May 17 2024

भोजपुर में रेलवे कर्मी की पत्नी को मारी गोली

FIRSTLOOK BIHAR 22:58 PM बिहार

आरा। भोजपुर जिले चरपोखरी थाना क्षेत्र के बजेन गांव से दक्षिण नहर के समीप गुरुवार की अहले सुबह हथियार बंद बदमाशों ने टहलने निकली एक महिला को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घायल महिला 45 वर्षीय चन्द्रावती देवी चरपोखरी थाना के बजेन गांव निवासी कृष्णा प्रसाद उर्फ वकील प्रसाद की पत्नी है। पति उड़ीसा के राउलकेला में रेलवे में फिटर के पद पर कार्यरत है। घायल महिला को कमर के भाग में गोली लगी है।

स्थिति गंभीर, चिकित्सकों ने पीएमसीएच किया रेफर

चिकित्सकों ने सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया है। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रही है। घटना सुबह करीब छह बजे की है। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

सुबह भतीजी के साथ टहलने निकली थी महिला

बजेन गांव निवासी कृष्णा प्रसाद उर्फ वकील राम प्रसाद की पत्नी चन्द्रावती देवी गुरुवार की सुबह अपनी भतीजी शोभा कुमारी के साथ टहलने निकली थी कि इसी दौरान बजेन- डेगोडीहरी नहर के समीप हथियार बंद बदमाशों ने महिला को गोली मार दी और फरार हो गए। बाद में घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया। सूचना मिलने पर चरपोखरी पुलिस भी वहां पहुंच गई।

15 नवंबर को ही उड़ीसा से आई थी गांव

इधर, जख्मी महिला के साथ रही उसकी भतीजी शोभा कुमारी ने बताया कि वे सब 15 नवंबर को अपने गांव बजेन आई थी। वह दोनों हर रोज की तरह सुबह टहलने निकलती थी। इस बीच टहलने के दौरान जब दोनों गांव स्थित नहर के समीप पहुंची तो उसकी चाची कुछ आगे थी और वह उनके पीछे थी। तभी अचानक फायरिंग की आवाज सुनाई दी। जब उसने देखा तो उसकी चाची जमीन पर गिरी पड़ी थी । एक युवक दौड़ कर भाग रहा था। जब उसने करीब जाकर अपनी चाची को देखा तो वो खून से लथपथ थी। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया । हालांकि महिला को किसने और किस कारण गोली मारी है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

Related Post