Friday, May 17 2024

एनडीए की मजबूती के लिए भी बिहार को विशेष दर्जा जरूरी: ललन

FIRSTLOOK BIHAR 22:03 PM बिहार

मांग मान कर राज्य के साथ इंसाफ करें प्रधानमंत्री, कई मदों में है केंद्र पर बकाया

पटना : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने कहा है कि बिहार के विकास के लिए विशेष राज्य का दर्जा जरूरी है। यह राज्य में एनडीए की मजबूती के लिए भी जरूरी है। विशेष दर्जा पर चल रही बहस के बीच बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संबोधित टवीट में उन्होंने कहा है-आप विशेष राज्य के दर्जे की लंबित मांग को जल्द स्वीकार कर बिहार के साथ न्याय करें। उन्होंने ट्वीट में कहा है-राजद काल में सरकारी खजानों की लूट हो रही थी। व्यवस्था धराशायी थी। राज्य का बंटवारा हो गया। प्राकृतिक संसाधन नहीं रह गए। हर साल प्राकृतिक आपदा से राज्य जूझ रहा है। इसके बावजूद देश के संसाधन युक्त प्रगतिशील राज्यों के साथ दौर में शामिल होना नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही संभव हो पाया है। लेकिन, वर्तमान स्थिति में अपने दम पर विकसित व संसाधन संपन्न राज्यों के साथ दौड़ लगाना बिहार के लिए असंभव सा है। इसलिए हम बिहारवासी विशेष दर्जा की मांग करते हैं।

ललन सिंह ने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि राज्य को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला। केंद्र से काफी रुपया मिला। ललन सिंह ने सवाल किया-जुबानी जमा खर्च छोड़ कर बताइए कि रुपया आया तो गया कहां? राज्य विभाजन के समय तत्कालीन केंद्र सरकार ने राज्य को आधारभूत संरचना के मद में हर साल एक हजार करोड़ अतिरिक्त देने का करार किया था। लोग बताएं कि उस मद में अबतक कितना रुपया आया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आवास योजना और मनरेगा की राशि राज्य को नहीं मिल रही है। राष्ट्रीय उच्च पथों के लिए धन नहीं है। बीआरजीएफ का रुपया बाकी है। इसके अलावा और भी कई मद हैं, जिनका भुगतान लंबित है। सिर्फ कह देने से काम नहीं चलेगा।

उद्योग कैसे लगेंगे

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिना विशेष दर्जा के राज्य में उद्योग नहीं लगेंगे। करों में छूट मिलेगी, उसी हालत में उत्पादन पर लागत कम आएगी। मौजूदा कर संरचना में अगर उद्योग लगे तो उत्पादन खर्च इतना अधिक हो जाएगा कि बाजार की प्रतिस्पर्धा में टिकना उद्यमियों के लिए संभव नहीं हो पाएगा।

Related Post