Friday, May 17 2024

शिवहर के नवीन झा हत्याकांड में तीन शूटर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की तलाश जारी

FIRSTLOOK BIHAR 23:16 PM बिहार

एसपी द्वारा गठित टीम ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर शातिर प्रिंस सिंह समेत तीन को किया गिरफ्तार

शिवहर : पिपराही थाने के अंबा ओझा टोली निवासी पूर्व पंसस नवीन कुमार झा (55) हत्याकांड में पुलिस ने तीन शूटरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार बदमाशों में पुरनहिया थाने के कटैया निवासी शातिर प्रिंस सिंह के अलावा तरियानी थाना के मोहारी निवासी अनिल सिंह व औरा निवासी रमेश सिंह शामिल है। पुलिस ने तीनों के पास से तीन मोबाइल और एक बाइक भी जब्त की है। एसपी डॉ. संजय भारती द्वारा एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित पुलिस की टीम ने सीतामढ़ी और शिवहर के इलाकों में छापेमारी कर अपराध की एक-एक कड़ी को जोड़कर वारदात के 40 दिन बाद हत्यारों को हथकड़ी पहनाने में सफलता पाई है। हालांकि, हत्या के कारणों और मास्टरमाइंड के बारे में जानकारी देने से पुलिस ने परहेज रखा है। एसपी डॉ. संजय भारती ने सोमवार की शाम समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। एसपी ने बताया कि पूछताछ में इन बदमाशों ने कई अहम जानकारी दी है। इसके आधार पर पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है। शीघ्र ही मास्टरमाइंड को भी दबोचा जाएगा। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में प्रिंस सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।

क्या हैं मामला

11 नवंबर की शाम बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन बदमाशों नें नवीन झा को उनके घर के पास गोली मार दी थी। जिससे वह जख्मी हो गए थे। स्वजनों द्वारा इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें सीतामढ़ी स्थित नंदीपत मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उन्हें पटना रेफर कर दिया गया था। जहां इलाज के दौरान 12 नवंबर को उनकी मौत हो गई थी। इधर, घटना से नाराज लोगों ने देर से पहुंची पिपराही पुलिस की टीम पर हमला कर दिया था। वहीं कई पुलिसकर्मियों की पिटाई की थी। साथ ही पुलिसकर्मियों को खदेड़कर भगा दिया था। 12 नवंबर की सुबह लोगों ने दोस्तिया चौक को जामकर उग्र प्रदर्शन किया था। अंबा ओझा टोली निवासी नवीन झा पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा के रिश्तेदार थे। नवीन झा वर्ष 2006 व 2011 में पंसस रह चुके है। नवीन झा के पिता परमहंस झा किसान थे। छोटा भाई नयन झा भी किसानी करते है। परिवार में पत्नी दो पुत्र व एक पुत्री है। नवीन झा की इलाके की राजनीति में अच्छी पैठ थी।

वीडियो हुआ था वायरल, विधानसभा में उठा था मुद्दा

इलाज के दौरान नवीन झा ने अपने बयान में शुभम नामक युवक की चर्चा की थी। बताया था कि वह एक जिप प्रत्याशी के नामांकन के दौरान उसे माला पहनाते भी दिखा था। यह वीडियो इलाके में तेजी से वायरल हुआ था। जबकि, हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में आक्रोश था। शिवहर विधायक चेतन आनंद ने भी विधान सभा में इस मामले को उठाया था। इलाके की पुलिस पंचायत चुनाव में लगी थी, लिहाजा जांच की रफ्तार धीमी थी। पंचायत चुनाव के समाप्त होते ही एक्शन में आई पुलिस की टीम ने पहले प्रिंस को उठाया, फिर उसकी निशानदेही पर रमेश सिंह और अनिल सिंह को दबोच लिया।

Related Post