Tuesday, May 21 2024

दिल्ली में 116 लूटकांडों का आरोपित बिहार के मुंगेर से गिरफ्तार

FIRSTLOOK BIHAR 23:21 PM बिहार

आरोपित मनोज मिश्रा पर दिल्ली पुलिस ने घोषित कर रखा था 25 हजार का इनाम

हवेली खडग़पुर (मुंगेर) : हवेली खडग़पुर पुलिस के सहयोग से दिल्ली पुलिस ने 25 हजार के इनामी सड़क लुटेरे मनोज मिश्रा उर्फ सोनू को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी मनोज के पैतृक गांव रतैठा में उसके घर से की गई। उस पर दिल्ली के विभिन्न थानें में लूट के 116 मामले दर्ज हैं। छापेमारी का नेतृत्व हवेली खडग़पुर थानाध्यक्ष धीरेंद्र पांडेय कर रहे थे।

थानाध्यक्ष ने बताया कि दिल्ली के रोहिणी स्थित केएनके मार्ग थाना क्षेत्र में 2020 में सड़क लूट की घटना हुई थी। इसे लेकर सोनीपत (हरियाणा) के सुनील जायसवाल ने मामला दर्ज कराया था। इसी मामले के अनुसंधान के दौरान दिल्ली पुलिस की छह सदस्यीय टीम मंगलवार को खडग़पुर थाना पहुंची। इसके बाद हवेली खडग़पुर एसआइ रविकांत प्रसाद, एएसआइ राजीव रंजन सुधांशु, दिल्ली केएमके थाना के एसआइ गौतम सागर, एएसआइ देवानंद आदि ने घर में सो रहे मनोज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली पुलिस ने ही मनोज मिश्रा पर इनाम घोषित किया था। पुलिस को कई वर्षों से उसकी तलाश थी। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया है कि वह कैसे लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।

ट्रांजिट रिमांड पर ले गयी दिल्ली पुलिस

मनोज मिश्रा को मुंगेर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दिल्ली चली गई। दिल्ली पुलिस लूट के एक दूसरे मामले में उसे रिमांड पर भी लेगी। गांव में अचानक दिल्ली पुलिस को देखकर लोग भी दंग रह गए। मनोज की गिरफ्तारी के बाद लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।

Related Post