Tuesday, May 21 2024

इलेक्ट्रानिक चाक पर सीएम ने बनाया मिट्टी का गमला

FIRSTLOOK BIHAR 22:44 PM बिहार

कार्यक्रम स्थल पर बने स्टाल में कुम्हार की भूमिका में दिखे मुख्यमंत्री

मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) : हस्तकला को बढ़ावा देने के लिए गांधी मैदान में विभिन्न तरह के स्टाल लगाए गए थे। मुख्यमंत्री एक स्टाल पर पहुंचे। यहां उन्होंने खुद इलेक्ट्रानिक चाक से मिट्टी का गमला बनाया। जयसहपुर गांधी आश्रम में मिट्टी की कला के लिए तैयार हो रहे क्लस्टर के अध्यक्ष नंदलाल पंडित व सचिव रंजीत कुमार यादव समेत अन्य से मुलाकात की। तैयार मिट्टी के आधुनिक बर्तनों को देखा व सराहना की।

जीविका समूह को दिए छह ट्रैक्टर

मुख्यमंत्री ने सौ करोड़ 41 लाख 29 हजार रुपये का जो चेक दिया, उसकी राशि पूर्वी व पश्चिम चंपारण की जीविका समूह के बीच बांटी जाएगी। जल-जीवन-हरियाली के तहत जिले में तैयार 20 जलाशयों को जीविका को सौंपा। अगले पांच वर्षों तक इसके रखरखाव के लिए 21 लाख 29 हजार रुपये का चेक दिया। जीविका दीदी इन जलाशयों में मत्स्यपालन करेंगी। सीएम ने जीविका की महिलाओं की कृषि में दिलचस्पी देखते हुए जिले के छह प्रखंडों के जीविका समूहों के बीच छह ट्रैक्टर दिए।

शराब के धंधेबाज कहीं भी छिपे हों खोज निकालेंगे : मंत्री

मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि समाज सुधार अभियान में शराबबंदी एक कड़ी है। इससे पिछले पांच सालों में कई सकारात्मक बदलाव आए हैं। लोग शराब से संबंधित कोई भी गोपनीय सूचना कॉल सेंटर में दे सकते हैं। हर हाल में कार्रवाई होगी। शराब के धंधे में लिप्त लोग किसी भी कोने में छिपे हों, खोज निकालेंगे और सजा दिलवाएंगे।

जीविका सदस्य विकसित बिहार की नायिकाएं : मुख्य सचिव

मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण ने कहा कि मुख्यमंत्री की कल्पना विकसित बिहार है। राज्य की जीविका सदस्य इसकी नायिकाओं के रूप में हैं। जीविका दीदियों के बिना समाज सुधार का कोई भी कार्यक्रम सफल नहीं हो सकता।

शराब कारोबार में पकड़े गए तो नहीं मिलेगा चरित्र प्रमाणपत्र : डीजीपी

पुलिस महानिदेशक एसके सिंघल ने कहा कि नशामुक्ति से ही सभ्य व शिक्षित समाज बन सकता है। समाज की बेहतरी के लिए आमलोगों को नशामुक्ति का संकल्प लेना होगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर युवा दारू मामले में पकड़े गए तो किसी भी सूरत में उन्हें चरित्र प्रमाणपत्र नहीं मिलेगा।

थानों में खुलेगा महिला विशेष कोषांग : चैतन्य

अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद ने कहा कि महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध अपराध की जांच के लिए 40 महिला थानों का निर्माण किया गया है। राज्य के 500 थानों में महिला हेल्प डेस्क को बनाया जा रहा है। 210 अंचलों के थानों में महिला विशेष कोषांग की गठन की प्रक्रिया जारी है। यहां आने वाली पीडि़त महिलाओं की काउंसलिंग भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री की सभा के पांच मुख्य बिंदु

-यात्रा एक अंश है, मगर अभियान निरंतर चलने वाला कार्य है, इसलिए इसका नाम समाज सुधार अभियान रखा गया है।
-जिस कार्ड पर दहेज नहीं लेने-देने की बात अंकित होगी, उसी मांगलिक कार्य में शामिल होऊंगा।
-राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी कहा था कि शराब पीने से इंसान हैवान बन जाता है। इस बात को समाज में लोगों को बताने की जरूरत है।
-वर्ष 2005 में सरकार बनने के बाद से हर वर्ग के लिए काम किया गया।
-दुनिया में होने वाली मौतों में शराब एक प्रमुख कारण है, इसे लोगों को बताने की जरूरत है।

Related Post