Tuesday, May 21 2024

गिद्धेश्वर जंगल से एक नक्सली गिरफ्तार, दो लोडेड बंदूक भी बरामद

FIRSTLOOK BIHAR 22:10 PM बिहार

सिकंदरा थाना इलाके का है गिरफ्तार नक्सली दिनेश मांझी

जमुई : खैरा थाना क्षेत्र के गिद्धेश्वर जंगल से पुलिस ने दो लोडेड बंदूक के साथ एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के ईटासगर निवासी दिनेश मांझी के रूप में हुई है। एएसपी अभियान ओंकारनाथ सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि हिंसक वरदात को अंजाम देने के उद्देश्य से नक्सली दस्ता गिद्धेश्वर जंगल में कैंप कर रहा है। सूचना पर नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।

गिरफ्तार नक्सली ने पुलिस को दी कई महत्वपूर्ण जानकारी

पुलिस टीम द्वारा गिद्धेश्वर जंगल में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुछ लोग पुलिस को देख भागने लगे। इसी दौरान दिनेश मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि उसके साथ रहा एक अन्य नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। दिनेश के पास से दो लोडेड बंदूक बरामद किया गया। पूछताछ में दिनेश ने नक्सली संगठन के बारे में कई अहम जानकारी दी है। जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

पूछताछ के बाद भेज दिया गया जेल

पूछताछ के बाद दिनेश को जेल भेज दिया गया है। इस अभियान में एसएसबी परासी, जन्मस्थान, कोड़ासी, अभियान दल, खैरा, सिकंदरा थाना एवं नक्सल सेल की टीम शामिल थी।

Related Post