Tuesday, May 21 2024

भागलपुर राजद महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित

FIRSTLOOK BIHAR 22:13 PM बिहार

पति की हत्या के प्रयास में गयी जेल

भागलपुर : राजद के भागलपुर महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष नूतन उर्फ नीशू सिंह को पार्टी ने साथ छोड़ दिया है। प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाया है। इसे लेकर उन्हें छह साल के लिए पद और प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इसकी अधिसूचना प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के निर्देश पर प्रदेश कार्यालय सचिव चंद्रशेखर प्रसाद सिंह ने रविवार को जारी की है।

पति ने खाना में जहर देकर हत्या के प्रयास का लगाया था आरोप

दरअसल, शनिवार को जोगसर पुलिस ने पति वाजेश की हत्या के प्रयास मामले में नीशू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। 22 फरवरी 2021 को वाजेश ने नीशू पर खाने में सफेद पाउडर मिलाकर मारने के प्रयास का मामला दर्ज कराया था। फोरेंसिंक जांच में सफेद पाउडर की पुष्टि सल्फास के रूप में हुई है।

बार-बार वह अपनी पहुंच और पैरवी के कारण बच जा रही थी। उनके विरूद्ध कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। इस मामले में पति ने एसएसपी बाबू राम से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

पार्टी विरोधी गतिविधियों में थी शामिल

पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर प्रदेश नेतृत्व को कई बार नीशू सिंह की शिकायत मिली थी। इस लेकर प्रदेश स्तर से मामले की जांच कराई गई। जिसमें नीशू के विरूद्ध प्रदेश नेतृत्व को कई सुबूत मिले। जिससे पार्टी को नुकसान हो रहा था। इस लेकर नीशू की गिरफ्तारी होते ही पार्टी ने कार्रवाई कर दी।

पार्टी विरोधी कार्य करने वालों के लिए सीख

राजद के भागलपुर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि पार्टी विरोधी कार्य करने वालों के लिए यह सबक है। पार्टी के किसी भी प्रकोष्ठ में कोई भी व्यक्ति यदि विरोधी कार्य करेगा तो उन पर ऐसी ही कार्रवाई होगी। महिला प्रकोष्ठ की नई जिलाध्यक्ष के लिए जल्द ही पार्टी नेतृत्व को अनुशंसा भेजी जाएगी।

Related Post