Friday, May 17 2024

मुकेश सहनी को भाजपा की दो टूक, एमएलसी चुनाव में नहीं मिलेगी सीट

FIRSTLOOK BIHAR 23:15 PM बिहार

उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से कही ये बात

पटना : विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकार वाले 24 सीटों के चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) को भाजपा कोई हिस्सेदारी नहीं देगी। उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने रविवार को यह साफ कर दिया। सुभाष चंद्र बोस की जयंती समारोह में भाग लेने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पहुंचे तार किशोर प्रसाद ने साफ तौर पर यह बात कही। तार किशोर प्रसाद ने मीडिया के सवाल पर दो टूक शब्दों में कहा कि भाजपा ने ही मुकेश सहनी को एमएलसी और मंत्री बनाया है। अब स्थानीय प्राधिकार के चुनाव में एक भी सीट वीआइपी को नहीं मिलेगी।

गठबंधन में न तो कभी भीख होता है न कभी डील

उन्होंने कहा कि मुकेश सहनी एनडीए गठबंधन के सहयोगी हैं। इस लिहाज से उन्हें विधान परिषद में तो भेजा ही गया है। वैसे भी वे विधान परिषद चुनाव में कभी साथ मिलकर लड़े नहीं हैं। हां हमलोगों ने उल्टे उन्हें विधान परिषद भेजने में सहयोग किया है। क्योंकि मुकेश सहनी हमारे गठबंधन के सहयोगी हैं। विधानसभा चुनाव में हमलोगों ने उन्हें 11 सीटें दी थी। उप मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि गठबंधन में न कभी भीख होता है और डील। सबलोग साथ मिलकर काम करते हैं। तार किशोर प्रसाद ने कहा कि भाजपा कोर गु्रप की बैठक होते रहती है। भाजपा सत्ता पक्ष के सबसे बड़े दल के रूप में है। हमलोगों ने बैठक में मंथन किया है कि सरकार बेहतर कैसे चले, विकसित बिहार कैसे बने इस पर चर्चा की।

विधानसभा चुनाव हारे मुकेश सहनी तो भाजपा ने अपने कोटे से विधान परिषद भेजा और मंत्री बनाया

बता दें, मुकेश सहनी 2020 विधानसभा चुनाव में एनडीए के साथ चुनाव लड़े थे। सीट बंटवारे में भाजपा ने वीआइपी को 11 सीटें दी थी। मुकेश सहनी भी विधानसभा का चुनाव लड़े लेकिन उनकी करारी हार हो गई। इसके बाद भाजपा कोटे से उन्हें विधान परिषद भेजा गया। अब वीआइपी ने एमएलसी की 24 सीटों में अपनी हिस्सेदारी की मांग कर रही है।

Related Post