Tuesday, May 21 2024

50 हजार रुपये दहेज के लिए महिला की कर दी हत्या

FIRSTLOOK BIHAR 23:37 PM बिहार

सिरदला : थाना क्षेत्र जंघौल गांव में दहेज लोभियों द्वारा 23 वर्षीया संगीता देवी की हत्या कर शव को जला दिए जाने का मामला सामने आया है। महिला के पिता राजौली थाना क्षेत्र के काजीचक निवासी अमरेश प्रसाद दांगी ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला के पिता ने बताया कि पिछले दो माह से 50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। रुपये नहीं देने पर मेरी पुत्री को तंग तबाह किया जा रहा था। उसके साथ लगातार मारपीट की जा रही थी। जिसकी सूचना दूरभाष पर बेटी ने दी थी। रुपया का इंतजाम नहीं हो सका तो नहीं दे पाए। 26 जनवरी को उसकी हत्या कर शव को जंघौल नदी घाट पर जला दिया गया। पिता के अनुसार 15 मई 019 को संगीता देवी की शादी जंघौल निवासी उमेश प्रसाद दांगी के पुत्र संतु उर्फ मंटू कुमार दांगी के साथ हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से दहेज लोभियों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। अंतत: उसकी हत्या कर दी गई।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे पिता

ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को पिता ने सिरदला थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। थनाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कराने के बाद शनिवार को सिरदला थाना में कांड संख्या 35/22 दर्ज किया गया है। महिला के पति संतु उर्फ मंटू कुमार दांगी, ससुर उमेश प्रसाद दांगी, सास शीला देवी, ननद रिंकी देवी, भैंसुर नवीन प्रसाद दांगी को दर्ज प्राथमिकी में आरोपित किया गया है।

आरोपितों ने कहा, बीमारी से हुई मौत

इधर, आरोपित सुसर उमेश प्रसाद दांगी ने बताया कि बहू बीमार रहा करती थी, जिसका इलाज चल रहा था। 25 जनवरी को तबीयत काफी बिगड़ गई। पटना पीएमसीएच लेकर जाने के क्रम रास्ते में मृत्यु हो गई। जिसके बाद शव को जंघौल में लाकर दाह संस्कार किया है। पुलिस एफआइआर दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Post