Tuesday, May 21 2024

बिहार के मुख्यमंत्री 22 फरवरी से भागलपुर से शुरू करेंगे समाज सुधार अभियान

FIRSTLOOK BIHAR 23:50 PM बिहार

23 फरवरी को जमुई में करेंगे जनसभा को संबोधित

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगामी 22 फरवरी से पुनः समाज सुधार अभियान शुरू करेंगे। वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत 23 फरवरी को जमुई आएंगे और यहां समाज सुधार अभियान के अंतर्गत आयोजित जनसभा में पूर्ण शराबबंदी अभियान , दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह मुक्ति अभियान से सम्बंधित राज्य सरकार की महत्वपूर्ण नीतियों एवं निर्णयों पर केंद्रित विचार रखेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर यथोचित तैयारी जारी है।

जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने इस आशय की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाज सुधार अभियान का आरंभ 22 फरवरी से करेंगे। वे सर्वप्रथम नामित तिथि को भागलपुर जाएंगे और वहां आयोजित जनसभा में भागलपुर एवं बांका की जीविका समूह की महिलाओं को संबोधित करेंगे।

श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 23 फरवरी को जमुई आएंगे और यहां समाज सुधार अभियान के अंतर्गत जनसभा को संबोधित करेंगे। जमुई की जनसभा में जमुई , लखीसराय , शेखपुरा एवं मुंगेर की जीविका समूह की महिलाएं हिस्सा लेंगी और पूर्ण शराबबंदी अभियान , दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह मुक्ति अभियान से सम्बंधित संदेशों को सुनकर अपना क्षमतावर्धन करेंगी।

सिर्फ जनसभा का आयोजन

उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान के अंतर्गत समीक्षा बैठक नहीं होगी , सिर्फ जनसभा का आयोजन किया जाना है। श्री सिंह ने बताया कि जमुई समेत अन्य जिलों में आयोजित जनसभा में मुख्य सचिव , गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव , मद्य निषेध , उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव , सम्बंधित जिले के प्रभारी सचिव एवं पुलिस महानिदेशक भाग लेंगे और समाज सुधार अभियान को परिभाषित करेंगे।

26 फरवरी को जायेंगे बेगूसराय

जिलाधिकारी श्री सिंह ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार समाज सुधार अभियान के क्रम में 26 फरवरी को बेगूसराय जाएंगे और वहां आयोजित जनसभा में बेगूसराय एवं खगड़िया जिला की जीविका समूह की महिलाओं को पूर्ण शराबबंदी अभियान , दहेज प्रथा उन्मूलन तथा बाल विवाह मुक्ति अभियान से सम्बंधित नीतियों एवं निर्णयों का पाठ पढ़ाएंगे। भागलपुर और बेगूसराय जिला में भी अभियान के तहत समीक्षा बैठक का आयोजन नही किया जाएगा। भागलपुर , जमुई और बेगुसराय जिला में आयोजित जनसभा में लाभुक भी सम्बंधित विषय पर अपना विचार रखेंगे और समाज को मिल रहे लाभों से अवगत कराएंगे।

उल्लेखनीय है कि गृह विभाग , विशेष शाखा ने समाज सुधार अभियान कार्यक्रम को पुनः आरंभ किए जाने का निर्णय लिया है। यह अभियान 22 , 23 और 26 फरवरी को क्रमशः भागलपुर , जमुई एवं बेगुसराय में आयोजित किए जाएंगे। कलांतर में कोरोना संक्रमण के प्रसार को दृष्टिपथ में रखते हुए समाज सुधार अभियान कार्यक्रम को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया था। गृह विभाग , विशेष शाखा के द्वारा राज्य में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लागू प्रतिबंधों को शिथिल किए जाने के बाद विषयांकित मुद्दे पर गंभीरतापूर्वक विचार किया गया। राज्य सरकार ने विचारोपरांत कार्यक्रम को पुनः आरंभ किए जाने का निर्णय लिया है।

Related Post