Tuesday, May 21 2024

सास की मौत से सदमें में बहू ने तोड़ा दम, एक ही चिता पर सजी दोनों की अर्थी

FIRSTLOOK BIHAR 22:37 PM बिहार

कारगहार ( रोहतास ) : अक्सर सास और बहू के बीच विवाद के मामले आते रहते हैं। सास द्वारा बहू को प्रताड़ित करने और बहू द्वारा सास को तंग किये जाने का मामला कोर्ट व पुलिस थाने तक पहुंचते रहते हैं। लेकिन यहां एक ऐसे सास और बहू का मामला सामने आया है कि सास से बहू इतनी प्रेम करती थी की सास की मौत के सदमें को बहू सहन नहीं कर पाई और सास की मौत के कुछ ही समय बाद बहू ने भी दम तोड़ दी।सास बहू की प्रेम की यह कहानी बिहार के रोहतास जिले की है।

रोहतास जिले के कारगहार प्रखंड क्षेत्र के मेंदनी गांव में रविवार की रात एक 95 वर्षीया महिला की मौत हो गई। जिसका सदमा उनकी बहू बर्दाश्त नहीं कर सकी और थोड़ी ही देर बाद बहू ने भी दम तोड़ दी।

एक साथ हुआ सास व बहू का अंतिम संस्कार

सास के अंतिम संस्कार के लिए सजाई गई चिता पर ही बहू की भी चिता सज गई और दोनों का अंतिम संस्कार भी एक साथ हुआ। इस घटना से गांव में मातम पसरा है, वहीं लोग हैरान भी हैं। जानकारी के अनुसार पहले से अस्वस्थ चल रही स्व राजवंश दुबे की 95 वर्षीया पत्नी शहर मेंदिनी निवासी राजमती कुंवर की रात डेढ़ बजे मौत हो गई। उनकी मौत की खबर सुनते ही सबसे छोटी बहू काशीनाथ दुबे की 42 वर्षीया पत्नी सुनैना देवी सदमे को सहन न कर सकी और उनकी भी तत्क्षण वहीं गिरकर मौत हो गई। एक साथ सास बहू की मौत की खबर फैलते ही गांव के लोग उनके दरवाजे पर पहुंचने लगे। सुबह होते ही आसपास के गांव के लोग भी जुट गए। सभी के जुबान से यही निकाल रहा था कि शायद भगवान को यही मंजूर था। सास- बहू का अंतिम संस्कार बक्सर के चरित्रवन गंगा घाट पर एक ही चिता पर कर दिया गया।

छोटी बहू का सास से था गहरा लगाव

बताया जाता है कि राजमती कुंवर के चार पुत्र शंकर दयाल दुबे, शिव नारायण दुबे, शेषनाथ दुबे एवं काशीनथ दुबे हैं। छोटी बहू सुनैना का सास से गहरा आत्मीय लगाव था। सास के निधन की खबर सुनते ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। सुनैना देवी के एक पुत्र सचिन दुबे एवं तीन पुत्री प्रीति देवी, नेहा कुमारी एवं निशा कुमारी हैं। मां के आंचल से ओझल हुए चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। शोकाकुल परिवार व उनके पुत्र- पुत्रियों को ढाढस बंधाने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं समाजसेवी पहुंच रहे हैं।

Related Post