Tuesday, May 21 2024

मुख्यमंत्री 23 फरवरी को आएंगे जमुई, समाज सुधार अभियान के तहत करेंगे जनसभा को संबोधित

FIRSTLOOK BIHAR 23:22 PM बिहार

जमुई : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगामी 23 फरवरी को जमुई आएंगे और स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में समाज सुधार अभियान के अंतर्गत जनसभा को संबोधित करेंगे। मौके पर वे जनसभा में पूर्ण शराबबंदी अभियान , दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह मुक्ति अभियान से सम्बंधित राज्य सरकार की महत्वपूर्ण नीतियों एवं निर्णयों पर केंद्रित विचार रखेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। जमुई जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में मंच एवं पंडाल के निर्माण का जायजा लेने के बाद पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री 23 फरवरी को हेलिकॉप्टर से जमुई आएंगे और के. के. एम. कॉलेज के मैदान पर स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। सीएम वहां से वाहन के से स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम पहुंचेंगे और समाज सुधार अभियान से सम्बंधित जनसभा को संबोधित करेंगे।

चार जिले से पहुंचेगी जीविका दीदी

जनसभा में जमुई , लखीसराय , शेखपुरा एवं मुंगेर की जीविका समूह की महिलाएं हिस्सा लेंगी और पूर्ण शराबबंदी अभियान , दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह मुक्ति अभियान से सम्बंधित संदेशों को सुनकर अपना क्षमतावर्धन करेंगी। डीएम श्री सिंह ने बताया कि जमुई में आयोजित जनसभा में मुख्य सचिव , गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव , मद्य निषेध , उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव , सम्बंधित जिले के प्रभारी सचिव एवं पुलिस महानिदेशक भाग लेंगे और समाज सुधार अभियान को परिभाषित करेंगे।

जीविका की दीदी भी रखेंगी अपनी विचार

जिलाधिकारी श्री सिंह ने कहा कि समाज सुधार अभियान से सम्बंधित जनसभा में जीविका की महिलाएं भी सम्बंधित विषय पर अपना विचार रखेंगी और समाज को मिल रहे लाभों से अवगत कराएंगी। नामित महिलाएं शराबबंदी , दहेज प्रथा उन्मूलन तथा बाल विवाह से मुक्ति को लेकर रोचक गीत प्रस्तुत करेंगी और इसके जरिए आमजनों को इन कुरीतियों से दूर रहने का संदेश देंगी।

जिला परिवहन पदाधिकारी कुमार अनुज , नजारत उप समाहर्त्ता स्वतंत्र कुमार सुमन , जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी आर. के. दीपक समेत कई अधिकारी एवं सम्बंधित जन मौके पर उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने सभी को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुट जाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने उनके निर्देशों को आत्मसात कर कारगर प्रयास किए जाने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Post