Friday, May 17 2024

रन फॉर पीस के तहत एसपी शौर्य ने शौर्यबाण होने का साक्ष्य पेश किया

FIRSTLOOK BIHAR 23:30 PM बिहार

बिहार पुलिस सप्ताह 2022 के अंतर्गत दौड़ा जमुई

जमुई : बिहार पुलिस सप्ताह : 2022 के अंतर्गत शनिवार को जमुई शहर स्थित श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम के मैदान पर रन फॉर पीस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर पीस के तहत मिनी मैराथन दौड़ में शामिल पुलिस अधिकारियों , जवानों के साथ आमजनों को पुलिस लाइन मलयपुर तक की करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए रवाना किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. सुमन स्वयं भी दौड़ में शामिल हुए और रिकॉर्ड समय में निर्धारित दूरी को तय कर नाम के अनुरूप शौर्यबाण होने का साक्ष्य पेश किया। सात दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम का समापन रविवार को किया जाना है।

एएसपी अभियान ओंकार सिंह, एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार, डीएसपी मुख्यालय अभिषेक सिंह, पुलिस लाइन डीएसपी आशीष कुमार सिंह, पुलिस अधिकारी राजीव कुमार समेत दर्जनों अधिकारियों, जवानों और आमजनों ने मिनी मैराथन दौड़ में हिस्सा लिया और जिलावासियों को अमन का पैगाम दिया। श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम जमुई के मैदान से दौड़ते हुए सभी प्रतिभागी पुलिस केंद्र मलयपुर पहुंचे और यहीं पर इस दौड़ का समापन किया गया।

किया गया सम्मानित

पुलिस अधीक्षक डॉ. सुमन पुलिस लाइन कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में उपस्थित होकर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एसएसबी के जवान विनोद सिंह नेगी, द्वितीय स्थान पर कब्जा जमाने वाले सीआरपीएफ के जवान पी. दिनेश तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाले सिपाही सचिन कुमार को अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया वहीं क्रमशः मनोज कुमार यादव, उपेंद्र कुमार, नितिन मलिक, संजीव कुमार, गणेश कुमार, उत्तम कुमार शर्मा, ज्ञान सिंह, सत्यम शर्मा, सुनील कुमार यादव और भुवनेश्वर कुमार को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा।

बिहार पुलिस की सेवा में होना गर्व की बात

पुलिस अधीक्षक डॉ. सुमन ने मिनी मैराथन दौड़ में शामिल तमाम लोगों को शुभकामना देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। एसपी ने इस अवसर पर कहा कि यह गर्व की बात है की हम बिहार पुलिस की सेवा में है। बिहार पुलिस सप्ताह मनाना हमारा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस सप्ताह 27 फरवरी तक मनेगा। पुलिस - पब्लिक के बीच मैत्री सम्बंध स्थापित करना और समाज में शांति का संदेश देना इसका मुख्य मकसद है। उन्होंने अधिकारियों , जवानों के साथ आमजनों को स्वास्थ्य ही धन है का संदेश देते हुए उन्हें इसकी खास देखभाल किए जाने का पाठ पढ़ाया। डॉ. सुमन ने कार्यक्रम आयोजन के लिए आयोजक की जमकर तारीफ की और उन्हें साधुवाद दिया।

पुलिस लाइन डीएसपी आशीष कुमार सिंह ने आगत अतिथियों का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया और दौड़ को सफल बनाने के लिए उनके प्रति आभार जताया।

डॉ निरंजन ने किया मंच संचालन

जिला संवाददाता डॉ. निरंजन कुमार ने परंपरागत तरीके से मंच का संचालन कर खूब तालियां बटोरी और प्रशंसा के पात्र बने। कार्यक्रम उल्लास और उमंग के वातावरण में संपन्न हुआ।

वृक्षारोपण से कार्यक्रम का समापन

उधर कार्यक्रम का समापन वृक्षारोपण से किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन , एएसपी अभियान ओंकार सिंह , एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार , डीएसपी मुख्यालय अभिषेक सिंह , पुलिस लाइन डीएसपी आशीष कुमार सिंह , पुलिस अधिकारी राजीव कुमार आदि अधिकारियों एवं जवानों ने पुलिस केंद्र के भूखंड पर पौधारोपण किया और बिहार पुलिस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित मिनी मैराथन दौड़ को यादगार बनाया।

Related Post