Tuesday, May 21 2024

मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं तो देनी होगी कुर्बानी : तेजस्वी

FIRSTLOOK BIHAR 23:33 PM बिहार

तेजस्वी ने कहा सिर्फ यादव को मौका देने से नहीं होगा सामाजिक न्याय

जमुई : विधान परिषद चुनाव में राजद समर्थित उम्मीदवार के समर्थन में जमुई पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं राजद कार्यकर्ताओं से भावनात्मक संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनाना है तो कुर्बानी देनी होगी। सिर्फ यादव को मौका देकर सामाजिक न्याय नहीं हो सकता है। बगिया में हर तरह के फूल होंगे तभी बेहतर बाग के माली हो सकते हैं। उन्होंने लोगों को समझाने के अंदाज में कहा कि सिर्फ माई समीकरण से एक करोड़ 56 लाख वोट राजद को नहीं मिल सकता था। 44 प्रतिशत वोट में हर जाति, वर्ग और धर्म के लोगों का सहयोग शामिल है। इसलिए उन्हें भी सम्मान और हक देना होगा। तेजस्वी ने यह भी बताया कि कैसे महज 12000 वोट अधिक लाकर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजमान हो गए।

एनडीए को बेदखल करने के लिए मौके पर चोट करना होगा

एनडीए को सत्ता से बेदखल करना है तो हर मौके पर चोट करना होगा। विधान परिषद में चंद गद्दारों के चले जाने के कारण ही पार्टी को विपक्ष की मान्यता से बेदखल होना पड़ा। उन्होंने लालू प्रसाद की चर्चा करते हुए कहा कि वे व्यक्ति नहीं बल्कि विचारधारा हैं। उन्होंने हम सबों को जिम्मेवारी दी है। उसे पूरा करना है। गाड़ी आगे बढ़ी है तो मुकाम पर रुकेगी। लेकिन, कुछ लोग रोड काटने में लगे हैं। इससे सावधान रहना है। निवर्तमान विधान पार्षद संजय प्रसाद को गद्दार करार देते हुए उसे सबक सिखाने पर जोर दिया।

आप ताकत नहीं देंगे तो अकेले सबसे कैसे लड़ेंगे

उन्होंने कहा कि आप तमाम लोग अगर हमें ताकत नहीं देंगे तो अकेले मोदी-नीतीश से लेकर अधिकारी और मंत्री से लड़ाई कैसे लड़ पाएंगे। शहर के शिल्पा विवाह भवन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सरयू यादव ने की। जबकि मंच संचालन मुखिया गीता मंडल कर रहे थे। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रत्याशी अजय सिंह, विधायक प्रहलाद यादव, पूर्व प्रत्याशी मुकेश यादव और विधायक फुलेना सिंह सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में राजद के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Post