Monday, May 20 2024

अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य द्रुतगति से जारी, ट्रस्ट ने शेयर की दो तस्वीरें

FIRSTLOOK BIHAR 23:44 PM खास खबर

अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर के 70 एकड़ भूखंड में हो रहे राम मंदिर निर्माण की दो तस्वीर ट्रस्ट ने साझा किया है। तस्वीरों से यह स्पष्ट हो जाता है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण स्थल पर पत्थरों के ब्लॉक से फर्श का निर्माण शुरू हो गया है। इससे पहले गर्भ गृह पर जहां रामलला विराजमान थे , वहां चबूतरे के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।

ऊंचे चबूतरे के साथ फर्श का काम शुरू होगा

गर्भ गृह पर ऊंचे चबूतरे के निर्माण के साथ ही फर्श का काम शुरू होगा। शेष मंदिर निर्माण स्थल के बड़े भाग पर फर्श के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। इस प्रकार श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट दिसंबर 2023 में दर्शनार्थियों के लिए राम मंदिर खोलने के अपने लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके लिए अयोध्या ही नहीं बल्कि बंसी पहाड़पुर में भी स्थापित कार्यशाला से तराशे गए पत्थर राम जन्मभूमि स्थल पर पहुंचाए जा रहे हैं।

मंदिर के साथ क्या - क्या होगा

  श्रीराम जन्मभूमि परिसर के 70 एकड़ भूमि में राम जन्म भूमि मंदिर के अलावे नक्षत्र वाटिका होगी , जिसमें नक्षत्रों के अनुरूप वृक्षारोपण भी होगा। एक म्यूजियम होगा , जिसमें खुदाई के दौरान मिले अवशेषों को रखा जाएगा। इसमें एक पुस्तकालय होगा जहां श्रीराम मंदिर और उसके लिए संघर्ष के अलावा सनातन धर्म से जुड़ी किताबें और साहित्य उपलब्ध होंगे। राम जन्मभूमि में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को इसे दिखाया जाएगा। यही नहीं राम जन्मभूमि परिसर में यज्ञशाला और सत्संग स्थल भी होगा। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण के लिए वहीं पर एक रसोई का भी निर्माण होगा , जबकि कॉरीडोर में श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित मूर्तियां होंगी। श्रीराम के अनन्य भक्त और सेवक हनुमानजी और भगवान शंकर का एक मंदिर भी राम मंदिर के साथ बनाया जाएगा।

श्री राम मंदिर निर्माण के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए देश - विदेश से अयोध्या आएंगे। इसको ध्यान में रखते हुए श्री राम मंदिर की सुरक्षा का खाका इस तरह तैयार किया जा रहा है कि कहीं कोई चूक ना रह जाए। इसीलिए राम मंदिर निर्माण समिति में बीएसएफ के रिटायर्ड डीजी के.के. शर्मा को शामिल किया गया है। उनके नेतृत्व में सीआरपीएफ , आईएसएफ और सिविल पुलिस की एक संयुक्त यूनिट तैयार होगी , जिसमें खुफिया पुलिस के भी जवान शामिल होंगे। अंतःपुर की माने तो दिसंबर 2023 में जब श्री राम जन्मभूमि मंदिर दर्शनार्थियों के लिए खोला जाएगा उसी समय से सुरक्षा की जिम्मेदारी सम्बंधित खास यूनिट संभालेगी।

Related Post