Tuesday, May 21 2024

शिक्षा केवल रोजगार हासिल करने के लिए ही नहीं होनी चाहिए : विधानसभाध्यक्ष

FIRSTLOOK BIHAR 00:22 AM बिहार

मड़वन (मुजफ्फरपुर ) : विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आज शिक्षा नहीं बच्चों में विद्या की जरूरत है, ताकि बच्चों में संस्कार व संस्कृति का समावेश हो सके। शिक्षा केवल रोजगार हासिल करने के लिए नहीं होनी चाहिए शिक्षा से ज्ञान की प्राप्ति हो ऐसी शिक्षा दी जानी चाहिए। श्री सिन्हा ने ये बातें मड़वन प्रखंड के रौतिनिया में बुध वर्ल्ड बालिका विद्यालय के उद्घाटन समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही।

भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर

उन्होंने कहा कि जहां विश्व बुढापे की तरफ बढ़ रहा है वहीं भारत अपनी जवानी पर है और यह विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। ऐसे में भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए हमें अपनी पुरानी संस्कृति व संस्कार को आत्मसात करना होगा। बच्चों में ऐसी शिक्षा देनी होगी जो उन्हें संस्कृति व संस्कार दे। उन्होंने कहा कि राजनैतिक गलियारा हो विधायिका हो या कार्यपालिका सब जगह नैतिकता का हरास हो रहा है, जिससे एक खाई बनती जा रही है जो भविष्य के लिए सही नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा केवल अधिकार मांगने के लिए नहीं होनी चाहिए बल्कि नैतिकता के साथ अपने अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए होनी चाहिए। उन्होंने कहा की विद्या शालीनता शीलता और नैतिकता देती है और आज के समय में ऐसी ही विद्या की जरूरत है। उपमुख्यमंत्री रेनू देवी ने कहा कि बच्चों में संस्कार माता पिता के बाद गुरुजनों द्वारा ही दी जाती है। ऐसे में शिक्षकों को बच्चों में ऐसी ऐसा संस्कार देना चाहिए जो समाज राज्य और देश की पहचान बने। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और वह पुरुषों के बराबर कार्य कर रहे हैं। मगर उन्हें भी पुरुषों का सहयोग चाहिए जिस तरह गाड़ी एक पहिए पर नहीं चल सकती है उसी तरह महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए पुरुषों का साथ जरूरी है।

पूर्व मंत्री डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि विद्यालय में खासकर बालिका विद्यालय में हर तरह की शिक्षा दी जानी चाहिए ताकि वे रोजगार के साथ-साथ खेल संस्कृति हर दिशा में स्वाभिमान के साथ बालिकाएं आगे बढ़ सके। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री रेनू देवी ने समाज सेविका वह पूर्व मंत्री डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह के माता उगन तारा देवी के प्रतिमा का अनावरण किया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व मंत्री डॉक्टर महाचंद्र प्रसाद सिंह ने की। मौके पर स्कूल के निदेशक विकास कुमार, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्राध्यापिका डॉ.सीमा शर्मा, कृष्ण कुमार एवं नागमणि द्वारा बुके और अंग वस्त्र देकर सम्म्मनित किया गया। वहीं स्कूल की बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जो बेहद ही मनमोहक दृश्य था।

Related Post