Tuesday, May 21 2024

पिछड़े जिले का आकांक्षी योजना के तहत किया जा रहा विकास : नित्यानंद

FIRSTLOOK BIHAR 00:13 AM बिहार

केंद्रीय राज्य मंत्री ने संचालित योजनाओं की समीक्षा की

जमुई : बिहार के जमुई में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आकांक्षी जिला में संचालित योजनाओं की विंदुवार समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि पांच अप्रैल 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 113 जिले को आकांक्षी जिला घोषित किया , जिसमें जमुई भी शामिल है। आकांक्षी योजनाओं के तहत जिले का विकास किया जा रहा है। कोरोना महामारी के कारण डेढ़ वर्षों तक कार्य प्रभावित रहा, परंतु अब सुचारू ढंग से चल रहा है। शिक्षा , कृषि , कौशल विकास केंद्र आदि पर सरकार विशेष जोर दे रही है और जनता की समस्याओं का तेजी से समाधान किया जा रहा है।

प्रोजेक्ट बनाकर किया जा रहा है जिले का विकास

शिक्षा , स्वास्थ्य और कृषि में जो कठिनाइयां हैं उन्हें प्राथमिकता के साथ दूर किया जाएगा। प्रोजेक्ट बनाकर जिले का विकास किया जा रहा है। जीवन स्तर को बढ़ाने के लिए कार्य हो रहा है। मजदूर को मालिक बनाने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। इसके लिए सरकार रोजगार के अवसर को बढ़ा रही है और उन्हें इससे जोड़ा जा जा रहा है। श्री राय ने कहा कि जिले में बंधन विकास केंद्र खोलने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आग्रह किया जाएगा ताकि यहां की जनता को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। जनता को कोई समस्या न हो इसका ख्याल रखा जा रहा है।

समय सीमा के अंदर हासिल करें लक्ष्य

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री राय ने आकांक्षी जिला में संचालित योजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि और तेजी से कार्य करें और समय - सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल कर देश के विकास में सहयोग दें। उन्होंने जिलाधिकारी के कार्यों की जमकर तारीफ की और उनका हौसला अफजाई किया।

जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें विकास योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

विधायक दामोदर रावत , श्रेयसी सिंह , पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन , जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी , डीडीसी आरिफ अहसन समेत अधिकांश सम्बंधित अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।

Related Post