Tuesday, May 21 2024

जमुई में पुरातात्विक अन्वेषण का कार्य शुरू

FIRSTLOOK BIHAR 00:10 AM बिहार

अन्वेषण के प्रथम चरण में मानव के सांस्कृतिक क्रिया कलापों के साक्ष्य मिले

जमुई : जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण , नई दिल्ली की खास अभिरुचि पर बिहार संग्रहालय पटना के सौजन्य से जमुई जिला में पुरातात्विक अन्वेषण का कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण नई दिल्ली के द्वारा रवि शंकर गुप्ता को पुरातात्विक अन्वेषण का निदेशक नामित किए जाने के साथ इसके लिए उन्हें अनुज्ञप्ति प्रदान किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि इससे सम्बंधित कार्य का शुभारंभ गिधेश्वर - जन्मस्थान के घने जंगलों में किया गया है।

पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण

डीएम ने कहा कि इस श्रृंखला के घने जंगलों में अन्वेषण के शुरुआती दौर में मानव के सांस्कृतिक क्रिया कलापों के साक्ष्य मिले हैं। उन्होंने जमुई जिला को पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण करार देते हुए कहा कि इस जिला के पुरातात्विक महत्व से पूरा देश रूबरू हो चुका है।

जिलाधिकारी ने अन्वेषण की चर्चा करते हुए कहा कि यहां बड़ी संख्या में शैल चित्र देखने को मिलते हैं। गिधेश्वर - जन्मस्थान पर्वत क्षेत्र में बड़े - बड़े शैलाश्रय स्थित हैं। शैलाश्रय पर मानव , पेड़ - पौधे , जानवर , पक्षी , सूर्य , चक्र आदि ज्यामितीय आरेख चित्रों का अंकन है। इन चित्रों में लाल रंग का इस्तेमाल किया गया है। चित्रों तक पहुंचने का रास्ता अत्यंत दुर्लभ है। इस क्षेत्र में नव पाषण , ताम्रपाषाण से लेकर प्रारंभिक इतिहास एवं पूर्व मध्यकाल तक के शैल चित्र दृष्टिगत हो रहे हैं। इन शैल चित्रों के समीप पुरावशेष , प्रस्तर औजार , मृदमांड के टुकड़े , पक्के ईंटों के टुकड़े आदि भी प्राप्त हो रहे हैं। इन अवशेषों के मिलने से ऐसा प्रतीत होता है कि यह क्षेत्र काफी पूर्व से मानवीय क्रिया - कलापों का केंद्र रहा है।

डीएम श्री सिंह ने कहा कि पुरातात्विक साक्ष्य मिलने की संभावना के मद्देनजर अन्वेषण का कार्य सभी प्रखंडों के गांवों में भी किया जाएगा ताकि जमुई के ऐतिहासिक महत्व को परिभाषित किया जा सके। उन्होंने कहा कि अक्सर जमुई के गांवों में प्राचीन मूर्ति के साथ अन्य पुरावशेष मिलते रहते हैं , अन्वेषण कार्य से इसका भी चित्र साफ हो जाएगा।

निदेशक पूरे जज्बे के साथ लक्ष्य हासिल में जुटे हैं

डीएम श्री सिंह ने अन्वेषण कार्य में पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन , डीएफओ पीयूष वर्णवाल का यथोचित सहयोग मिलने की जानकारी देते हुए कहा कि निदेशक रवि शंकर गुप्ता पूरे जज्बे के साथ लक्ष्य हासिल करने में जुटे हुए हैं।

पुरातात्विक अणवेंशन का काम तेजी पर

संवाददाता सम्मेलन में रवि शंकर गुप्ता उपस्थित थे। उन्होंने कई चित्रों एवं वीडियो के जरिए पुरातात्विक अन्वेषण का कार्य प्रगति पर रहने की बात कही। उन्होंने जिला प्रशासन के अमूल्य सहयोग की जमकर तारीफ की।

Related Post