Friday, May 17 2024

चिकेन सेंटर के स्टाफ को मारी गोली, स्थिति नाजुक, एक गिरफ्तार

FIRSTLOOK BIHAR 00:24 AM बिहार

भागलपुर : कोतवाली थानाक्षेत्र के लोहिया पुल के नीचे चिकेन सेंटर पर काम करने वाले मुहम्मद दुलारे उर्फ डैनी को बदमाशों ने शुक्रवार की शाम को गोली मार गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया। चार की संख्या में आये हमलावरों में एक को कोतवाली पुलिस ने मौके पर लोगों के सहयोग से दबोच लिया है। उसकी पहचान मुहम्मद आमिर के रूप में हुई है। पुलिस उसकी निशानदेही पर अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। उधर बदमाशों की गोली से जख्मी दुलारे को आनन-फानन में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली दुलारे को जांघ में लगी है। अधिक खून निकल जाने से चिकित्सकों ने उसकी हालत गम्भीर बताई है। दुलारे मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के नवाबबाग का रहने वाला है।

शूटर मुहम्मद मुन्ना को आए थे निशाना बनाने, दुलारे को लग गई गोली

लोहिया पुल के नीचे चिकेन सेंटर चलाने वाले मुहम्मद मुन्ना शूटरों के निशाने पर था। अचानक देर शाम चिकेन सेंटर के समीप पहुंचे चार शूटरों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों के निशाने पर मुहम्मद मुन्ना ही था लेकिन चिकेन सेंटर पर मुर्गा छीलने और कटाई का काम करने वाले दुलारे की जांघ में गोली जा लगी। छह चक्र गोलियां दागे जाने की बात कही जा रही है। गोलियों की तड़तड़ाहट से जमा हुए लोगों ने बदमाशों को ललकारा और उन्हें दौड़ाने लगे। इस बीच घटना की जानकारी बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच लोगों के हौसले को बल देते हुए हमलावरों में एक को लोगों की मदद से दबोच लिया है।

Related Post