Friday, May 17 2024

06 अगस्त को उप राष्ट्रपति पद के लिए होंगे चुनाव, उसी दिन जारी हो जाएंगे नतीजे

FIRSTLOOK BIHAR 23:35 PM खास खबर

 

वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त तक

नई दिल्ली : देश में 06 अगस्त को उप राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव कराए जाएंगे। 10 अगस्त को वर्तमान उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। उप राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे भी 06 अगस्त को ही जारी कर दिए जाएंगे।

भारत निर्वाचन आयोग ने इस आशय का ऐलान करते हुए कहा कि उप राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए 05 जुलाई को अधिसूचना जारी की जाएगी। अधिसूचना जारी किए जाने के बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी जो 19 जुलाई तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 20 जुलाई को होगी तथा 22 जुलाई तक नामजदगी का पर्चा वापस लिए जा सकेंगे। 06 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक उप राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया चलेगी। बाद में इसी दिन चुनाव के नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। सर्वविदित है कि वर्तमान उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू का कार्यकाल दस अगस्त को पूरा हो रहा है। उससे चार दिन पहले ही नए उप राष्ट्रपति का चुनाव कर लिया जाएगा।

खास तरीके से होती है वोटिंग

उल्लेखनीय है कि उप राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव अनुपातिक प्रतिनिधि पद्धति से किया जाता है। इसमें वोटिंग खास तरीके से होती है , जिसे सिंगल ट्रांसफरेबल वोट सिस्टम कहते हैं। इसमें मतदाता को वोट तो एक ही देना होता है , मगर उसे अपनी पसंद के आधार पर प्राथमिकता तय करनी होती है। वह बैलट पेपर पर मौजूद उम्मीदवारों में अपनी पहली पसंद को 01, दूसरी पसंद को 02 और इसी तरह से आगे की प्राथमिकता देता है। नए उप राष्ट्रपति का निर्वाचन निवर्तमान उप राष्ट्रपति की पदावधि की समाप्ति के 60 दिनों के भीतर कराया जाना अनिवार्य है।

उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए संविधान के अनुच्छेद 66 के मुताबिक निर्वाचक मंडल में कुल 788 सांसद होते हैं। इनमें राज्यसभा के 233 निर्वाचित सदस्य और 12 मनोनीत सदस्य के साथ - साथ लोकसभा के 543 सदस्य शामिल होते हैं। राष्ट्रपति के चुनाव की तरह इसमें वोट का मान अलग - अलग नहीं होता है बल्कि हरेक सांसद के वोट का मान समान होता है यानी एक। इस बार उप राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव के मतदान अधिकारी लोकसभा के महासचिव होंगे। क्योंकि नियमानुसार बारी - बारी से लोकसभा और राज्यसभा के महासचिव मतदान अधिकारी होते हैं। अभी राज्यसभा महासचिव राष्ट्रपति चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर हैं तो उप राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए लोकसभा महासचिव इस दायित्व का निर्वहन करेंगे। जरूरत पड़ने पर मतदान संसद भवन की पहली मंजिल पर बने कक्ष संख्या 63 में होगी।

उप राष्ट्रपति पद के चुनाव का ऐलान किए जाने के साथ ही राजनीतिक गहमागहमी तेज हो गई है। राजनेता इससे सम्बंधित मंथन करने लगे हैं।

Related Post