Tuesday, May 21 2024

प्लास्टिक इंडस्ट्रीज ने लगाई गुहार, सिंगल यूज प्लास्टिक पर फिलहाल प्रतिबंध न लगाए सरकार

FIRSTLOOK BIHAR 23:40 PM बिहार

बिहार में 28 कारखाने हो जाएंगे बंद, 3500 श्रमिकों की छीन जाएगी रोजी- रोटी, इनमें 80 प्रतिशत महिलाएं

पटना : बिहार थर्मो फार्मर्स इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने सरकार से आग्रह किया है कि फिलहाल सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाए। पहले इसके विकल्प के बारे में सोचा जाए। विकल्प मिलने के बाद ही प्रतिबंध लगाना उचित होगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा है कि एक जुलाई से अगर सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया जाता है तो बिहार में 28 कारखाने बंद हो जाएंगे। 3500 श्रमिकों की रोजी- रोटी चली जाएगी। इनमें 80 प्रतिशत महिलाएं हैं। करोड़ों का निवेश डूब जाएगा। उन्होंने कहा है कि अधिकांश व्यवसायी बैंक से ऋण लेकर प्लास्टिक उद्योग स्थापित किए हैं। इंडस्ट्री अगर बंद होती है तो यह लोन एनपीए हो जाएगा। वे कर्ज में डूब जाएंगे। साथ ही बेरोजगारी की समस्या बढ़ जाएगी। प्रेम कुमार ने कहा है कि सिंगल यूज प्लास्टिक का विकल्प अभी बायोडिग्रेडेबल मैटेरियल है जो भारत में नहीं है। इसे जर्मनी, ब्राजील आदि देशों से मंगाया जा सकता है। लेकिन आयात करने पर महंगाई बढ़ जाएगी। अभी जो प्लास्टिक ग्लास 50 पैसे में बन रहा है वह 4 रुपये में बनेगा। इससे खरीदार भी परेशान होंगे।

ऐसा विकल्प जो सस्ता हो

उन्होंने कहा कि हमें ऐसा विकल्प चाहिए जो कि सस्ता भी हो, और उसकी स्थानीय स्तर पर पर्याप्त उपलब्धता भी हो। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसी व्यवस्था नहीं हो जाती है, तब तक सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाना उचित नहीं होगा।

Related Post