Tuesday, May 21 2024

ईडी भाजपा की कठपुतली है : ई. गुप्ता

FIRSTLOOK BIHAR 22:52 PM खास खबर

सोनिया गांधी पर ईडी एक्शन के विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेसी

जमुई : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक्शन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को जमुई में कांग्रेस समर्थकों ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार के इशारे पर ईडी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रताड़ित करने के मकसद से बार - बार तलब कर उनसे घंटों पूछताछ की जा रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व ,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ई. आई पी गुप्ता ने किया।

किया रोषपूर्ण प्रदर्शन

सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता ई. गुप्ता के नेतृत्व में कचहरी चौक से रैली निकाली और शहर में रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी बाद में सभा में तब्दील हो गए।

वरिष्ठ कांग्रेसी ई. गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार कांग्रेस के नेताओं को बेवजह परेशान कर रही है। उन्होंने ईडी को भाजपा की कठपुतली करार देते हुए कहा कि वह उसके इशारे पर काम कर रही है जो घोर चिंता का विषय है। ई. गुप्ता ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए कहा कि अगर ईडी लक्ष्मण रेखा लांघती है तब कांग्रेस देश का चक्का जाम करने के लिए विवश हो जाएगी। उन्होंने सोनिया - राहुल - भक्तचरण दास के नेतृत्व में पूर्ण आस्था प्रकट करते हुए कहा कि आने वाला कल कांग्रेस का है।

मोदी सरकार घोट रही लोकतंत्र का गला

वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी राजेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को बेवजह तंग किया जा रहा है। उन पर झूठे मामले बनाए जा रहे हैं। जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि ईडी द्वारा उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है , इसके विरोध में कांग्रेस धरना - प्रदर्शन कर रही है। श्री सिंह ने कहा कि जिसने प्रधानमंत्री पद का त्याग किया , उसी महिला के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा झूठे मामले बनाकर उसे परेशान किया जा रहा है। उन्होंने सोनिया गांधी के कोरोना से पीड़ित रहने की जानकारी देते हुए कहा कि अभी वह पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हैं , फिर भी उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने इसे अमानवीयता करार दिया।

कार्यक्रम प्रभारी शशि भूषण सिंह ने कहा कि ईडी और सीबीआई भाजपा के प्रकोष्ठ के रूप में काम कर रही है। यही कारण है कि ईडी की कार्रवाई के खिलाफ देश भर में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि इसे लोकतंत्र का गला घोंटना नहीं कहेंगे तो और क्या कहेंगे ? ईडी तो मुखौटा की भूमिका में है , असली खेल भाजपा खेल रही है। कांग्रेस के नेताओं को परेशान करने के लिए उन्हें बेवजह निशाना बनाया जा रहा है। उन्हें दफ्तर बुलाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने देश के लिए आहुति दी , कुर्बानियां दी , उन्हें ही आज तंग किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार लक्ष्मण रेखा लांघने की कोशिश न करें , नहीं तो इसका अंजाम बुरा होगा।

पूर्व मंत्री अर्जुन मंडल , कांग्रेस समर्थक सुधीर कुमार सिंह , लुकमान खान , लुकमान अंसारी , मो. सरफराज , निमाई चंद्र मुखर्जी , परशुराम तांती , मिथिलेश तांती , शंभू तांती , प्रकाश तांती , अशोक तांती , कर्पूरी ठाकुर , प्रमोद मांझी , शिवनाथ मांझी , मकेश्वर यादव , डॉ. एच. एन. गुप्ता , शिव कुमार तांती , मोहन तांती आदि ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और ईडी को पारदर्शी तरीके से काम करने की सलाह दी। धरना - प्रदर्शन में सैकड़ों लोग उपस्थित होकर कांग्रेस के प्रति निष्ठा का प्रदर्शन किया और गगनभेदी नारे लगाए। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।

Related Post