Friday, May 17 2024

जमुई की सुता अनीशा ने हिमाचल में 14 हजार फीट ऊंची चोटी माउंट पाताल शु को नापा

FIRSTLOOK BIHAR 23:34 PM खास खबर

अब एवरेस्ट को फतह करने का उठाया बीड़ा

जमुई : बिहार के ​​जमुई नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बिहारी मोहल्ला निवासी स्व. शशिकांत दुबे की सुता जांबाज अनीशा दुबे ने हिमाचल प्रदेश में 14 हजार फीट ऊंची पर्वत चोटी माउंट पाताल शु को नाप कर अपने बुलंद हौसले को नई उड़ान दी है। अनीशा ने जिलाधिकारी से शिष्टाचार मुलाकात कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उन्हें रूबरू कराया और उल्लास एवं उमंग के साथ इसे जिला को समर्पित किया।

जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने अनीशा दुबे की उपलब्धि को जिला के लिए गौरव की बात बताते हुए उसे शुभकामना दी और उसके स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।

22 वर्षीया स्नातक की छात्रा अनीशा दुबे ने कहा कि उन्होंने इसे किसी भी पर्वत चोटी की पहली चढ़ाई बताते हुए कहा कि उसने इस लक्ष्य को बगैर किसी प्रशिक्षण के हासिल किया है जो एक उदाहरण है। अनीशा कालक्रम में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट को फतह करना चाहती है। इसके लिए वह उचित प्रशिक्षण लेगी और अपना क्षमतावर्धन करेगी। वह इसके लिए सतत प्रयत्नशील है।

डीएम ने कहा नारी सशक्तिकरण का सजीव उदाहरण है अनीता

जिलाधिकारी श्री सिंह ने मौके पर अनीशा दुबे के सपनों को पंख देने के लिए उसे सहयोग राशि प्रदान किया। डीएम ने उसे नारी सशक्तिकरण का सजीव उदाहरण करार देते हुए कहा कि अब बेटियां बेझिझक हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और देश - दुनिया में सफलता की नई कहानी लिख रही हैं। श्री सिंह ने अनीशा के सपनों को पंख देने के लिए उसे हर संभव सहयोग दिए जाने का आश्वासन दिया।

सर्वविदित है कि एवरेस्ट को फतह करना न सिर्फ शारीरिक रूप से बेहद मुश्किल काम है बल्कि यहां तक पहुंचने के लिए बैंक में भी लाखों रुपए होना जरूरी है। एवरेस्ट फतह करने का पूरा खर्च 80 लाख रुपए के आसपास आता है।

करीब 40 दिनों का लगता है समय

जानकार बताते हैं कि एवरेस्ट को फतह करने में करीब 40 दिनों का समय लगता है। एवरेस्ट पर चढ़ने में इतना समय लगने का कारण यह है कि सम्बंधित व्यक्ति का शरीर ऊंचाई पर जाने पर मौसम के अनुसार एडजस्ट हो सके। शिखर पर समुद्र के स्तर की तुलना में उपलब्ध ऑक्सीजन की मात्रा का केवल एक तिहाई है। पर्वतारोही आमतौर पर बोतलबंद ऑक्सीजन का उपयोग अत्यधिक ऊंचाई के प्रभावों का सामना करने में मदद करने के लिए करते हैं।

Related Post