Friday, May 17 2024

जंगल में बकरी चराने गई किशोरी की कुल्हाड़ी से मार कर हत्या

FIRSTLOOK BIHAR 23:17 PM बिहार

सूचना के 12 घंटा बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस

अधौरा : बिबार के कैमूर जिला के कैमूर थाना से महज पांच किलोमीटर दूर स्थित एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी शनिवार को जंगल में बकरी चराने के लिए गई थी। शाम तक वापस घर नहीं लौटी। जंगल में गई बकरियां वापस आ गई, लेकिन वह नहीं आई। परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी। गांव में लोगों की मदद से जंगल में उसकी खोज की जाने लगी। खोजने के दौरान उसके मोबाइल पर फोन भी परिजन करते रहे। खोजने के दौरान उसके मोबाइल की घंटी बजी। घंटी सुन कर ग्रामीण व परिजन घटना स्थल पर पहुंचे तो देखे किशोरी मृत अवस्था में है। तब शनिवार की देर रात हो चुकी थी।

बताया जाता है कि किशोरी लड़कों का पहनावा पहनती थी। मोबाइल भी साथ में लेती थी। घड़ी बांध कर टांगी लेकर जंगल की ओर प्रतिदिन 11 बजे बकरी चराने के लिए जाती थी। वह शनिवार को भी बकरी चराने गई। लेकिन इस तरह की घटना हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि उसके सिर के पिछले हिस्से पर गहरा जख्म था और चेहरे पर भी कटे का निशान दिखाई दिया। टांगी टूटे हुए बेंट के साथ वहीं थी। गांव वालों ने बताया कि किशोरी अपनी इज्जत व जान बचाने के लिए हमलावरों से डटकर मुकाबला की। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दुष्कर्म में असफल रहे अपराधियों ने उसी की टांगी से मारकर मौत के घाट उतार दिया होगा। लोगों ने मृतका के शव को उठाकर गांव के समीप बरगद के पेड़ के नीचे रख दिया और अधौरा थाना जाकर उसके पिता और अन्य लोगों ने घटना की सूचना थानाध्यक्ष मनोज को दी।

पिता ने कहा किसी पर संदेह नहीं

थानाध्यक्ष ने मृतका के पिता से पूछा कि किसी पर संदेह है या कोई हत्या के कारण है। पिता ने कहा कि हमें किसी पर संदेह नहीं है। हमने देखा नहीं है कि किसने हमारी बेटी को मारा। थानाध्यक्ष ने कहा कि शव का दाह संस्कार कर दीजिए। सभी लोग घर वापस लौट आए और स्थानीय जिला परिषद सदस्य राजू कुमार को सूचना दी। जिला परिषद सदस्य राजू ने थानाध्यक्ष से बात की और घटना स्थल पर पहुंच कर घटना की जानकारी लेने का आग्रह किया। रविवार को पुलिस दस बजे घटना स्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में ली और घटना स्थल की जांच पड़ताल की । जहां से एक टांगी, किशोरी की जेब से एक मोबाइल और एक छाता, इयरफोन बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी सामानों को बरामद कर शव को अंत्य परीक्षण के लिए स्वजनों के साथ भभुआ भेज दिया। उधर भभुआ सदर अस्पताल शव लाने के बाद शव की स्थिति देख कर चिकित्सीय परामर्श के बाद अंत्य परीक्षण के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया। इसकी पुष्टि उपाधीक्षक डा. विनोद कुमार सिंह ने की। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज ने बताया कि किशोरी की हत्या किस कारण से की गई है यह अनुसंधान के बाद ही पता चलेगा।

Related Post