पी.एम. सूर्य घर योजना को मिला नया आयाम: मुज़फ्फरपुर में सोलर मेले से हज़ारों उपभोक्ता लाभान्वित
स्वच्छ ऊर्जा से आत्मनिर्भरता की राह: मुज़फ्फरपुर सोलर मेले में ज़ीरो बिल लाभार्थियों और उत्कृष्ट वेंडरों का हुआ सम्मान
मुज़फ्फरपुर : हर घर तक स्वच्छ, सस्ती और सतत ऊर्जा पहुँचाने तथा आम उपभोक्ताओं को ज़ीरो बिजली बिल की सुविधा सहज रूप में उपलब्ध कराने की दिशा में मुज़फ्फरपुर जिला प्रशासन ने एक और प्रभावी कदम उठाया इसी क्रम में जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में विद्युत आपूर्ति अंचल परिसर, राम दयालु नगर, मुज़फ्फरपुर में भव्य सोलर मेला का आयोजन किया गया इस मेले में बड़ी संख्या में नागरिक, घरेलू उपभोक्ता, पंजीकृत सोलर वेंडर, बैंक प्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) के प्रतिनिधि शामिल हुए
सोलर मेले का उद्घाटन जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम एवं अधीक्षण अभियंता (विद्युत) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया
उद्घाटन के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पी.एम. सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि देश को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और आम नागरिकों को आर्थिक राहत प्रदान करने का एक सशक्त माध्यम है उन्होंने जिलेवासियों से इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की
अपने संबोधन में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा,
आज ऊर्जा की आवश्यकता निरंतर बढ़ रही है ऐसे में सोलर ऊर्जा भविष्य की सबसे विश्वसनीय और टिकाऊ व्यवस्था है पी.एम. सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सरकार ने आम नागरिकों को अपने घर की छत से ही बिजली उत्पादन का अवसर दिया है इससे न केवल बिजली बिल में भारी कमी आती है, बल्कि कई परिवारों को ज़ीरो बिजली बिल का लाभ भी मिल रहा है मैं मुज़फ्फरपुर के सभी उपभोक्ताओं से अपील करता हूँ कि वे इस योजना को अपनाएँ और जिले को सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में बिहार में प्रथम स्थान पर पहुँचाने में योगदान दें
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता (विद्युत) द्वारा स्वागत भाषण दिया गया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना के उद्देश्य, महत्व एवं उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला उन्होंने बताया कि यह योजना घरेलू उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा की ओर प्रेरित करने के साथ-साथ बिजली वितरण व्यवस्था पर पड़ने वाले दबाव को भी कम करती है
पी.एम. सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य और लाभ
पी.एम. सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना भारत सरकार की एक अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाकर स्वयं बिजली उत्पादन करने की सुविधा दी जा रही है इस योजना के अंतर्गत उत्पादित सोलर बिजली का उपयोग उपभोक्ता अपने घर में करते हैं तथा अतिरिक्त बिजली नेट मीटरिंग के माध्यम से बिजली वितरण कंपनी (DISCOM) को दी जाती है इसके बदले उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है और कई मामलों में बिजली बिल शून्य तक हो जाता है
योजना के तहत 01 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित करने पर लगभग ₹60,000 का व्यय आता है, जिसमें भारत सरकार द्वारा ₹30,000 का अनुदान दिया जाता है इसी प्रकार 02 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल के लिए कुल लागत लगभग ₹1,20,000 है, जिसमें ₹60,000 का सरकारी अनुदान उपलब्ध है इस योजना के अंतर्गत अधिकतम ₹78,000 तक का अनुदान प्रदान किया जाता है, जिससे आम नागरिकों के लिए सोलर पैनल लगाना और भी सुलभ हो गया है
सोलर पैनल प्रणाली के अधिष्ठापन के पश्चात संवेदक एजेंसी द्वारा 05 वर्षों का मेंटेनेंस तथा सोलर पैनल एवं इन्वर्टर पर 10 वर्षों की वारंटी प्रदान की जाती है इससे उपभोक्ताओं को दीर्घकालीन सुरक्षा, भरोसा और तकनीकी सहायता मिलती है
01 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल के लिए मात्र 02 सोलर पैनलों की आवश्यकता होती है एक सोलर पैनल का क्षेत्रफल लगभग 8 फीट × 4 फीट (32 वर्ग फीट) होता है, जिससे सीमित छत क्षेत्र वाले घरों में भी सोलर सिस्टम आसानी से
स्थापित किया जा सकता है
मुज़फ्फरपुर की उपलब्धियाँ और राज्य में अग्रणी स्थान
वर्तमान में मुज़फ्फरपुर जिले में पी.एम. सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत कुल 3,322 उपभोक्ताओं द्वारा आवेदन किया गया है इनमें से 877 उपभोक्ताओं के परिसरों में सोलर पैनल का अधिष्ठापन कार्य पूर्ण किया जा चुका है अधिकांश लाभार्थियों को भारत सरकार द्वारा अनुदान राशि भी प्रदान की जा चुकी है