58 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के लिए प्रशासन अलर्ट, इंटर परीक्षा को लेकर कदाचार पर सख्ती
इंटरमीडिएट परीक्षा के कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर डीएम–एसएसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग
मुजफ्फरपुर : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का आयोजन मुजफ्फरपुर जिले में 2 फरवरी से 13 फरवरी तक किया जाएगा जिले के कुल 81 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें कुल 58,344 परीक्षार्थी शामिल होंगे परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं
जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र द्वारा परीक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक की संयुक्त ब्रीफिंग एमआईटी सभागार में की गई
इस दौरान अधिकारियों को बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के सुसंगत प्रावधानों से अवगत कराते हुए कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए
दो पालियों में होगी परीक्षा, समय का सख्ती से पालन अनिवार्य
इंटरमीडिएट परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संपन्न होगी जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 30 मिनट पूर्व परीक्षा भवन में प्रवेश कर लेना अनिवार्य होगा
प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को पूर्वाह्न 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी इसके बाद विलंब से आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति किसी भी परिस्थिति में नहीं दी जाएगी जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से समय पालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है
प्रवेश पत्र व फोटोयुक्त पहचान पत्र
अनिवार्य
परीक्षा केंद्रों पर केवल उन्हीं परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी जिनके पास वैध प्रवेश पत्र एवं एक फोटोयुक्त पहचान पत्र उपलब्ध होगा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्थिति में अनधिकृत व्यक्ति को परीक्षा परिसर में प्रवेश न करने दिया जाए
इस निर्देश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है
जूता-मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा भवन में जूता एवं मोजा पहनकर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी यदि कोई परीक्षार्थी जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र पर पहुंचता है, तो उसे परीक्षा भवन में प्रवेश नहीं दिया जाएगा
सघन तलाशी व्यवस्था, महिला परीक्षार्थियों के लिए विशेष प्रबंध
जिलाधिकारी ने परीक्षा के निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस बल को निर्देशित किया गया है कि परीक्षार्थियों की प्रवेश के समय पूरी जांच की जाए ताकि कोई भी आपत्तिजनक सामग्री, चिट-पुर्जा, मोबाइल फोन अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर न ले जाया जा सके
महिला परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला परीक्षार्थियों के लिए निर्धारित केंद्रों पर महिला केंद्राधीक्षक एवं महिला वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है महिला परीक्षार्थियों की तलाशी भी महिला कर्मियों द्वारा ही की जाएगी
वीक्षकों की भूमिका अहम, हर परीक्षार्थी की होगी जांच
परीक्षा कक्ष में तैनात वीक्षकों को यह विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है कि जिन परीक्षार्थियों के वीक्षण का दायित्व उन्हें सौंपा गया है, उन सभी की जांच एवं तलाशी कर यह सुनिश्चित करें कि उनके पास किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध नहीं है
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित वीक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष सुविधा
जिलाधिकारी ने दिव्यांग परीक्षार्थियों के हितों का विशेष ध्यान रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं ऐसे दिव्यांग परीक्षार्थी जो स्वयं से लिखने में असमर्थ हैं, उनके अनुरोध के आधार पर श्रुतिलेखक उपलब्ध कराया जाएगा इसके अतिरिक्त दिव्यांग परीक्षार्थी अपने निजी श्रुतिलेखक को भी ला सकते हैं
श्रुतिलेखक की सुविधा प्राप्त करने के लिए दिव्यांग परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम एक सप्ताह पूर्व जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देना अनिवार्य होगा