मुजफ्फरपुर : आरडीएस कॉलेज परिसर में 32 बिहार बटालियन एनसीसी के तहत कॉलेज की एनसीसी इकाई द्वारा आज राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया इस अवसर पर मुख्य रूप से रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 60 एनसीसी कैडेट्स ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया इस कार्यक्रम का नेतृत्व एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) लेफ्टिनेंट जॉयदीप घोष और सूबेदार नरेश कुमार ने किया
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया
उन्होंने अपने संबोधन में कैडेट्स को प्रेरित करते हुए कहा कि युवाओं के मजबूत इरादों से ही देश सुरक्षित रहता है, इसलिए हमें हमेशा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए तत्पर रहना चाहिए
दौड़ के माध्यम से कैडेट्स ने समाज में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और एकजुटता का कड़ा संदेश दिया कार्यक्रम के समापन पर सभी 60 कैडेट्स ने एक साथ मिलकर राष्ट्रीय एकता की शपथ ली और राष्ट्र के आंतरिक विकास व सुरक्षा के प्रति अपने समर्पण को दोहराया इस सफल आयोजन ने युवाओं में अनुशासन और गहरी देशभक्ति का संचार किया