Wednesday, July 03 2024

लोगों के घर से बाहर निकलते ही पांच मिनट में ध्वस्त हो गया मकान

FIRSTLOOK BIHAR 11:56 AM बिहार

मधुबनी : चक्रवाती तूफान में जिले में काफी कहर ढ़ाया है। शहर के वार्ड 29 में जलजमाव के कारण देखते ही देखते तीन कमरों का मकान धराशाई हो गया। संयोग कहा ठीक रहा कि मकान धराशाई होने से पूर्व एक कमरे की छत का टुकड़ा गिरने की आवाज पर मकान में रहने वाले लोग सचेत हो गए और समय रहते मकान से बाहर निकल गए, अन्यथा इस हादसे में कई लोगों की जानें जा सकती थी। मकान धराशाई होने का कारण दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जमीन का खिसकना माना जा रहा है।

जमींदोज मकान के बगल में है तालाब

जमींदोज मकान के बगल में महासेठी तालाब है। बारिश के पानी से तालाब लबालब भर चुका है। मकान मालिक अशोक महासेठ के अनुसार मकान जमींदोज होने से करीब 20 लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान है। जानकारी के अनुसार अशोक महासेठ अन्य दिनों की तरह अपने परिजनों साथ घर में सोए हुए थे। इसी बीच मकान के एक कमरे से कुछ गिरने की आवाज आई। अशोक महासेठ का पुत्र कन्हैया महासेठ जब कमरे में पहुंचा तो देखा कि कमरे की छत का एक टुकड़ा गिरा पड़ा है। इसी बीच तीनों कमरे में रह रहे अशोक महासेठ के अन्य परिजन घर से बाहर निकल गए। बाहर निकल कर देखा कि घर के एक हिस्से में दरार पड़ चुकी थी। इसी बीच मकान हिलने लगा और महज पांच मिनट के अंदर यह मकान धराशाई होकर निकट के तालाब में समा गया।

16 वर्ष पूर्व हुआ था मकान का निर्माण

कन्हैया ने बताया कि करीब 16 वर्ष पूर्व मकान का निर्माण कराया गया था। मकान के कमरे में दो पलंग, दो आलमारी, एक वाशिंग मशीन, कपड़े, खाद्य सामग्री सहित अन्य घरेलू सामान थे जो नष्ट हो गए। बताया कि मकान धराशाई हो जाने के कारण तत्काल अपने चाचा ललित महासेठ के मकान में शरण ली है। मकान के सभी लोग बाहर निकल जाने से सभी स्वजन पूरी तरह सुरक्षित हैं। इधर, वार्ड 29 की पार्षद हलीमा खातून ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल अंचल कार्यालय को दे दी गई ।

Related Post