बेगूसराय : बेगूसराय के रघुनाथपुर बरारी पंचायत की हत्यारोपित निवर्तमान मुखिया सुनीता देवी ने सोमवार को नाम निर्देशन से पूर्व गिरफ्तारी से बचने के लिए सक्षम न्यायालय में सरेंडर किया। उनके पति अजय यादव को एसटीएफ ने पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बताया जाता है कि 2017 में श्रीनगर ग्राम निवासी शंभू यादव की गोली मार हत्या कर दी गई थी। उक्त मामले में रघुनाथपुर बरारी पंचायत की मुखिया के पति अजय यादव उर्फ फाइटर नामजद अभियुक्त थे।
मुखिया के पति पर था 50 हजार का इनाम
पुलिसिया दबिश के बावजूद फाइटर पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहे। उनके उपर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। इसी बीच एसटीएफ की टीम ने घात लगा कर फाइटर को गिरफ्तार कर लिया। फाइटर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने हत्यारोपी मुखिया की गिरफ्तारी चुनौती बनी रही। पंचायत चुनाव के नाम निर्देशन प्रारंभ होने से पूर्व थानाध्यक्ष दिनेश कुमार द्वारा प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित नाम निर्देशन काउंटर पर नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया। कई अन्य मामलों के फरार उम्मीदवारों की गिरफ्तारी होते देख मुखिया सुनीता देवी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए सरेंडर कर दिया।