मुजफ्फरपुर : विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (एचबीसीएच एंड आरसी), मुजफ्फरपुर तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, बिहार राज्य कार्यालय के मध्य एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए यह सहयोग इंडियन ऑयल की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत है, जिसके तहत एचबीसीएच एंड आरसी को दो अत्याधुनिक कैंसर निदान उपकरण — जीन सिक्वेंसिंग मशीन (नेक्ससेक 2000) एवं माल्डी-टूफ डायग्नोस्टिक मशीन — प्रदान किए जाएंगे
हस्ताक्षर समारोह की गरिमा संजीव कुमार चौधरी, कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख (बिहार-झारखंड), इंडियन ऑयल तथा बेनी के जॉर्ज, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (मानव संसाधन विभाग), टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई की उपस्थिति से और बढ़ी
इस अवसर पर डॉ. रविकांत सिंह, प्रभारी अधिकारी, एचबीसीएच एंड आरसी; लेफ्टिनेंट कमांडर निधि भारद्वाज (सेवानिवृत्त), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, एचबीसीएच एंड आरसी; कमलेश राय, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) राकेश रौशन, मुख्य प्रबंधक (सीएसआर); शेषनाथ पाठक, प्रशासनिक समन्वयक, एचबीसीएच एंड आरसी; सहित दोनों संस्थानों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे
यह उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 से इंडियन ऑयल द्वारा एचबीसीएच एंड आरसी, मुजफ्फरपुर को निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे कैंसर उपचार सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हुआ है विश्व स्वास्थ्य दिवस के इस अवसर पर किया गया यह सहयोग बिहार एवं आसपास के राज्यों में कैंसर के शीघ्र और सटीक निदान तथा उपचार को और अधिक प्रभावी और सुलभ बनाएगा अत्याधुनिक तकनीकों की उपलब्धता से रोगियों को त्वरित और प्रभावशाली चिकित्सा सेवाएँ प्राप्त हो सकेंगी
श्री बेनी के जॉर्ज, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (मानव संसाधन विभाग), टाटा मेमोरियल सेंटर, ने इंडियन ऑयल के इस दूरदर्शी सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिसे उन्होंने क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया
इस अवसर पर संजीव कुमार चौधरी ने कहा कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड भारत की अग्रणी ऊर्जा कंपनियों में से एक है, जो न केवल देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी निरंतर प्रोत्साहित कर रही है हमारी सीएसआर पहल का उद्देश्य स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सुधार लाना तथा राष्ट्र की समृद्धि में योगदान देना है हम भविष्य में भी इसी भावना के साथ कार्य करते रहेंगे